March 21, 2026

महिला ने जीती 190 करोड़ की लॉटरी, उसकी एक गलती महंगी पड़ी..सब बर्बाद हो गया

नई दिल्ली 15 मई: किस्मत का कुछ नहीं कहा जा सकता, जब जागती है तो बहुत कुछ दे जाती है। लेकिन जब सोई होती है तो बहुत कुछ ले जाती है। ताजा उदाहरण अमेरिका के कैलिफोर्निया से सामने आई है। एक महिला के हाथ करोड़ों रुपये की लॉटरी लगी थी। पर एक छोटी सी गलती के कारण सबकुछ बर्बाद हो गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैलिफोर्निया की एक महिला लंबे वक्त से लॉटरी खरीदकर अपनी किस्मत अजमा रही थी। पिछले साल नवंबर में भी उनसे एक लॉटरी (SuperLotto Plus ticket) खरीदी, जिसकी ईनामी राशि 26 मिलियन डॉलर थी। भारत के हिसाब से देखें तो ये राशि करीब 190 करोड़ रुपये होगी। बीते गुरुवार को ईनाम को लेने की आखिरी तारीख थी, लेकिन लॉटरी कंपनी के अधिकारी तब हैरान रह गए, जब जीती हुई राशि पर दावा करने कोई भी नहीं आया।

कंपनी के मुताबिक ये लकी टिकट लॉस एंजिल्स के एक स्टोर पर बेचा गया था। अब ईनाम की तारीख निकलने के बाद एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जहां बुधवार को एक महिला स्टोर पर पहुंची और उसने ईनाम की राशि जीतने का दावा किया। स्टोर के कर्मचारी एस्पेरांज़ा हर्नांडेज़ के मुताबिक महिला का कहना था कि उसने टिकट खरीदी और उसका नंबर नोट किया। इसके बाद वो उसे पैंट की जेब में डालकर भूल गई। कुछ दिनों बाद उसने उसी पैंट को लॉन्ड्री में धुलने के लिए दे दी, जिस वजह से वो टिकट नष्ट हो गए।

वहीं स्टोर के मैनेजर फ्रैंक ने कहा कि जिस दिन लकी टिकट बिका था, उस दिन महिला स्टोर पर आई थी। ये घटना वहां पर लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। इसके अलावा स्टोर के कर्मचारी भी महिला को अच्छे से जानते थे। उनकी उम्र करीब 40 साल के आसपास है। महिला की बताई बात तब सही लगी, जब वो सीसीटीवी में टिकट खरीदने के बाद उसे पैंट की जेब में रखते हुए दिखी।

महिला के इस दावे के बाद अब लॉटरी कंपनी दुविधा में फंस गई है। हालांकि उसने स्टोर से सीसीटीवी फुटेज की कॉपी ले ली है। मामले में लॉटरी कंपनी के प्रवक्ता कैथी जॉनसन ने कहा कि वो महिला के दावे को ना तो सही मानते हैं और ना ही उसे खारिज करते हैं। उनकी ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। अगर किसी शख्स/महिला को लगता है कि वो इस लॉटरी की विजेता है, तो वो आकर दावा पेश करे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word