February 26, 2026

कांग्रेस सांसद राजीव सातव का कोविड-19 से उबरने के बाद निधन

पुणे 16 मई: कांग्रेस सांसद राजीव सातव का रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया. अस्पताल सूत्रों ने यह जानकारी दी. कुछ दिनों पहले ही वह कोविड-19 से उबरे थे. सातव (46) की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले सातव 22 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे. सातव को बाद में एक नया वायरल संक्रमण हो गया था और उनकी हालत गंभीर थी. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजीव सातव के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, मुझे अपने दोस्त राजीव सातव को खोने का दुख है. वो विशाल क्षमता वाले नेता थे, जिन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को मूर्त रूप दिया था. ये हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है.

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उनके निधन पर दुख जताया है. प्रियंका ने ट्वीट किया, राजीव सातव के रूप में हमने अपना एक प्रतिभाशाली साथी खो दिया. वो दिल के साफ, ईमानदार, कांग्रेस के आदर्शों के लिए प्रतिबद्ध और भारतीयों के प्रति समर्पित थे. मेरे पास शब्द नहीं हैं. बस उनकी पत्नी और बच्चों के लिए प्रार्थना हैं. उन्हें उनके बिना आगे बढ़ने की शक्ति मिले.

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, “निशब्द! आज एक ऐसा साथी खो दिया जिसने सार्वजनिक जीवन का पहला कदम युवा कांग्रेस में मेरे साथ रखा और आज तक साथ चले पर आज.राजीव सातव की सादगी, बेबाक़ मुस्कराहट, ज़मीनी जुड़ाव, नेत्रत्व और पार्टी से निष्ठा और दोस्ती सदा याद आयेंगी. अलविदा मेरे दोस्त! जहां रहो, चमकते रहो!

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word