February 28, 2026

भ्रष्ट, अकर्मण्य, अराजक और असहिष्णु सरकारी अधिकारियों- कर्मचारियों को बर्खास्त करें: ननकीराम कंवर

कोरबा 23 मई। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर आदिवासी नेता प्रदेश के सबसे वरिष्ठ विधायक और छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने राज्य में बेलगाम होती नौकरशाही को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने भ्रष्ट, अकर्मण्य, अराजक और असहिष्णु सरकारी अधिकारियों- कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कोविड प्रोटोकाल के नाम पर प्रदेश के सूरजपुर कलेक्टर रणवीर शर्मा द्वारा एक किशोर को थप्पड़ मारने और पुलिस जवानों को आदेशित कर डंडों से पिटाई कराने की घटना को दुर्भाग्य पूर्ण बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि रणवीर शर्मा जैसे भ्रष्ट, अकर्मण्य, अराजक और असहिष्णु अधिकारी शासकीय सेवा के योग्य नहीं है। उन्होने बताया कि आई ए एस रणवीर शर्मा पर प्रोबेशन पीरियड में बस्तर के भानू प्रतापपुर में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट रहते हुए दस हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप भी लग चुका है। एक पटवारी से दस हजार रुपयों की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो ने इन्हें रँगे हाथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावे पेंड्रारोड़ में एक जंगली भालू को इनके आदेश पर गोली मार दी गई थी। विधायक कंवर ने कहा कि उक्त घटनाओं से स्पष्ट हो जाता है कि आई ए एस रणवीर शर्मा शासकीय सेवा के लिए अयोग्य है। रणवीर शर्मा को तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए और आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक कंवर ने कहा कि इसी क्रम में महासमुंद के आई ए एस कलेक्टर भी भ्रष्टाचार की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने के कारण इन दिनों चर्चा में हैं। भ्रष्टाचार की रिपोर्ट पर कार्रवाई की मांग को लेकर जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को धरना पर बैठना पड़ा। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारी को कोविड प्रोटोकाल का हवाला देकर गिरफ्तार करा दिया। इससे साफ प्रतीत होता है कि कलेक्टर भ्र्ष्टाचार के मामले में कार्रवाई से बचना चाहते थे। विधायक कंवर ने जांजगीर चाम्पा जिले की महिला आई पी एस पुलिस अधीक्षक का जिक्र करते हुए कहा कि जिले के एक पुलिस कानिस्टेबल पुष्पराज सिंह की संदिग्ध मौत के लिए एस पी और विभाग के अन्य अधिकारियों की प्रताड़ना को मुख्य कारण बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या किए जाने का संदेह जताकर सी बी आई जांच की मांग की है।

विधायक कंवर ने कहा है कि इसी बीच सूरजपुर जिले के ही एस डी एम प्रकाश सिंह राजपूत भी एक युवक को थप्पड़ मारते एक वीडियो में दिख रहे हैं। वहीं एक और वीडियो में जिले के ही एक थानेदार बसंत कुमार खलखो स्कूटी सवार लोगों को रोककर उनकी डंडे से पिटाई करते दिख रहे है। उधर जशपुर जिले की सब डिवीजन बगीचा की महिला एस डी एम पर उनके ही अधीनस्थ तहसीलदार ने खुलकर बेगारी कराने का आरोप लगायाहै। विधायक कंवर ने कहा है कि इन सभी घटनाओं से स्पष्ट हो जाता है, कि प्रदेश में नौकरशाही बेलगाम हो गई है। ऐसे में इस तरह का आचरण करने वाले अधिकारियों के खिलाफ बर्खास्तगी और कड़ी अदालती कार्रवाई ही एक मात्र रास्ता है, जिससे इस तरह के क्रिया कलापों पर अंकुश लग सकता है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word