October 5, 2024

टेंडर विवाद मामले को लेकर भाजपा ने दीपका थाना का किया घेराव


कोरबा 26 जून। नगर पालिका परिषद दीपका में नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव को घेर कर मारपीट किये जाने के मामले को लेकर भाजपा ने आज दोपहर बाद पुलिस थाना दीपका का घेराव करना तय किया है। इस बारे में संबंधितों को जानकारी दे दी गई है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस थाना के आसपास बेरीकेटिंग की गई है। कई थाना के प्रभारी और पुलिस कर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है।

जानकारी है कि करोड़ों के टेंडर के मामले को लेकर दीपका में शुक्रवार को दोपहर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ और इसके बाद मारपीट की नौबत भी आ गई। घटनाक्रम के वीडियों कई लोगों तैयार किये जो कल से लगातार सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल हो रहे हैं। इनमें अश्लील गालियों का जमकर उपयोग हुआ। मारपीट के दौरान कुछ युवकों द्वारा नगर पालिका कार्यालय में रखी हुई चेयर लाने के साथ इन्हें फेंकते हुए साफ तौर पर देखा जा रहा है। इस घटना में नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव को काफी चोटें आयी। मामले में अध्यक्ष पति और उनके कुछ लोगों को भी चोंटे आने के दावे कि ये जा रहे है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत की। वहीं कोरबा में भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से भेंट की और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। इसी प्रकरण पर भाजपा ने आज दोपहर पुलिस थाना दीपका का घेराव करना तय किया है। अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है। प्रदर्शन की सूचना मिलने से विभाग हरकत में आ गया है। बताया गया कि दीपका पुलिस थाना को जाने वाले रास्तों पर बेरिकेटिंग की गई है। ताकि दिक्कतें न हो सके। भाजपा ने इस प्रदर्शन के माध्यम से उचित कार्रवाई किये जाने के लिए पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया है।

दूसरी ओर पिछली रात नगर पालिका अध्यक्ष संतोषी दीवान के द्वारा कार्यालय में हुई घटना के बारे में एक आवेदन दीपका पुलिस को दिया गया है। इसमें कहा गया कि टेंडर की कार्रवाई को लेकर अनूप यादव और कुछ लोगों ने उनके पति व अन्य से अभद्र बर्ताव किया। इसके साथ ही कुछ पेपर फाड़ दिए गए। आवेदन को प्रक्रिया में लिया गया है। सब इंस्पेक्टर महेंन्द्र पांडेय इसकी जांच कर रहे हैं।

जिला उपाध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा झाम लाल साहू ने नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव के ऊपर जानलेवा हमला करने वाले को गिरफ्तार करने की मांग की। दीपका नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव के साथ कांग्रेसियो द्वारा मारपीट किया गया है। एक जनप्रतिनिधि जो लोगो की मदद करने के लिए हमेशा तत्पर रहते है। असामाजिक तत्वो के द्वारा मारपीट करना लोकतंत्र की हत्या करने के समान है। सभी आरोपियों को पुलिस प्रशासन तत्काल गिरफ्तार करें।

Spread the word