October 5, 2024

अलग-अलग कारणों से दो लोगों ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

कोरबा 1 जुलाई। जिले के पाली एवं बांगो थाना क्षेत्र में घटित दो अलग-अलग घटनाक्रमों में दो लोगों ने अलग-अलग कारणों से फांसी लगाकर 24 घंटे के अंदर अपनी ईहलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जिले के बांगो थानांतर्गत ग्राम पंचायत शासी के बेतलो निचली पारा निवासी भैयाराम उम्र 50 वर्ष पिता महावीर गोंड़ की जमीन रेलवे द्वारा अधिग्रहित की गई है। इसके अलावा वह कुछ शासकीय जमीन पर बेजा कब्जा करके खेती गृहस्थी कर रहा था। इन दोनों ही मामलों में उसका विवाद न्यायालय में चल रहा था। जिसके कारण वह काफी दिनों से अपनी आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण परेशानी महसूस कर रहा था। जिसका जिक्र वह अपने नाते-रिश्तेदारों एवं मित्रों से करते चला आ रहा था। परेशानी के कारण वह अक्सर अपनी अलग ही दुनिया में खोया रहता था। जिसके चलते मिलने-जुलने वालों से वह वाद-संवाद भी कम ही किया करता था।

बताया जाता है कि कल दोपहर 2 बजे समय घर से निकला और निचली पारा स्थित महुआ पेड़ में नीले एवं सफेद रंग के अपने गमछे को डंगाल में बांधकर फांसी का फंदा बनाकर उस पर लटक गया। इधर जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा तो उसका पुत्र समारू राम उम्र 23 वर्ष उसे खोजने के लिए निकला। जिसके बाद उसने देखा कि वह महुआ के डंगाल में फांसी लगाकर लटका हुआ है। जिसकी सूचना उसने बांगो थाना पहुंचकर दी। बांगो पुलिस ने रात्रि होने के कारण मर्ग कायम कर अपनी प्रथम वैधानिक औपचारिकता पूर्ण कर ली। उसके बाद आज सुबह बांगो टीआई के निर्देश पर प्रधान आरक्षक दाउद कुजूर ने घटना स्थल पहुंचकर मृतक के शव को पंचनामा कार्यवाही के उपरांत फंदे से उतरवाकर उसे पोड़ी उपरोड़ा के शव विच्छेदन गृह भिजवा दिया। जहां चिकित्सक ने शव को अंत्य परीक्षण उपरांत उसे मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया।

इसी तरह एक अन्य घटनाक्रम में पाली थानांतर्गत ग्राम बगईनाला स्थित अपने ससुराल में राम बिंझवार उम्र 55 पिता श्याम लाल बिंझवार विगत कुछ दिनों से रह रहा था। हालांकि विगत एक दशक से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ भी रहने लगा था जिसका उपचार परिजनों द्वारा झाडफ़ूंक के अलावा चिकित्सक से भी कराया जा रहा थाए इसके बावजूद भी उसके हालत में सुधार नहीं हो रहा था। जिसके कारण वह अपने साढू के घर रहकर अपनी दिनचर्या इन दिनों व्यतीत कर रहा था। कल देर शाम उसने अपने साढू के घर के पीछे स्थित बोईर झाड़ में गमछे से फांसी का फंदा बनाकर अपनी ईहलीला समाप्त कर लिया। देर रात को इसकी जानकारी उसके पुत्र मनोज कुमार उम्र 21 को हुई। जिसके बाद उसने पाली थाना पहुंचकर इस घटना की जानकारी दिया। पाली पुलिस ने मनोज कुमार बिंझवार की सूचना पर मर्ग क्रमांक 52-21 कायम कर मृतक के शव को आज सुबह पीएम के लिये पाली सीएचसी के चीरघर भिजवा दिया। पाली पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए उसके पुत्र को आज सुपुर्द कर दिया। उपरोक्त दोनों मामलों में पुलिस द्वारा विवेचना आत्महत्या के कारणों के मद्देनजर की जा रही है।

Spread the word