July 15, 2024

दो भाईयों ने मिलकर की सगे भाई की हत्या, आरोपियों की तलाश

कोरबा 5 जुलाई। बहरीझरिया गांव में दो भाईयों ने मिलकर अपने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। मामला खर्च से जुड़ा हुआ बताया जाता है। घटना के बाद दोनों आरोपी भाग खड़े हुए। बांगो पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बहरीझरिया गांव में यह घटना पिछली रात हुई। यहां पर निवास करने वाले शिवमंगल के साथ उसके दो भाइयों का विवाद कुछ दिनों से चल रहा था। वजह बतायी जा रही है कि घर के खर्चों को चलाने के नाम पर आये दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही थी। खर्च के लिए संसाधन जुटाने और जिम्मेदारी तय करने को लेकर कोई व्यवस्था नहीं बन सकी थी, इसी पर गतिरोध बन रहा था। कोई समाधान नहीं निकलने से विवाद गहराते चला गया। इसी मसले को लेकर पिछली रात जयलाल और शिवलाल ने पत्थर से बड़े भाई शिवमंगल पर हमला कर दिया। इसके कारण उसका काफी खून बह गया और वह मूर्छित हो गया। यह दशा जानने और अगले परिणाम से भयभीत होकर हमलावर सगे भाई मौके से भाग निकले। परिवार के अन्य सदस्यों ने पड़ोसियों की मदद से पीड़ित को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बांगो पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई है। इस आधार पर घटना स्थल और उसके आसपास के इलाके में आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुखबीरों के जरिये उनके बारे में जानकारी जुटाने का काम पुलिस कर रही है।

Spread the word