March 23, 2026

ठेका कंपनी की लापरवाही, सड़क चौड़ी कर डाली मिट्टी, फिसलन से बढ़ी परेशानी

कोरबा 3 अगस्त। जिले के कटघोरा नगर में बारिश के सीजन में कई तरह की मुसीबत झेल रहे लोगों के सामने मुख्य मार्ग पर नई परेशानियां खड़ी हो गई है। सड़क के चौड़ीकरण के साथ दोनों किनारे पर मिट्टी डालने से फिसलन बढ़ गई है। इससे आये दिन लोग यहां गिर रहे हैं। कामकाज में ठेका कंपनी की लापरवाही पर लोकनिर्माण विभाग आंख मूंदे हुए हैं।

सबडिविजन मुख्यालय कटघोरा में चकचकवा पहाड़ से शहीद वीरनारायण चौराहा अस्पताल के हिस्से में सड़क डामरीकरण किया गया है। इसी तरह गोपाल पेट्रोल पंप से सुतर्रा तक सड़क चौड़ीकरण करने के साथ उसे बेहतर स्थिति में लाने की कोशिश की गई है। बताया गया कि लोक निर्माण विभाग के नियंत्रण में इस काम को आनंदी कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया गया है। टेंडर की शर्तो में यह बिन्दु शामिल किया गया था कि सड़क चौड़ी करण करने के साथ किनारों पर खतरे की आशंका को समाप्त करने के लिए वहां मुरूम डाली जाएगी। ऐसा करने से आवाजाही के दौरान दिक्कतें कम होगी। संबंधित शर्त डालने के साथ विभाग के अधिकारी इस मामले में बेपरवाह हो गए। उन्होंने यह देखना जरूरी नहीं समझा की आगे का काम कैसे हो रहा है। ठेका कंपनी के द्वारा किनारों पर मुरूम की लेयर डालने के बजाय चिकनी मिट्टी डाल दी गई। इसे आसपास से ही हासिल किया गया। बारिश का दौर शुरू होने पर पानी के संपर्क में आने से यहां फिसलन की स्थिति निर्मित हो गई। आये दिन लोग आवाजाही के दौरान सड़क से नीचे उतरने की स्थिति में दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा किनारे से ऊपर की तरफ आने वाली मिट्टी गंभीर स्थिति को निर्मित कर रही है। समस्या कई दिनों से बनी हुई है। अधिकारियों का आना जाना इस रास्ते से हो रहा है। लेकिन उनकी आंखों में यह तस्वीर अब तक कैद नहीं हो सकी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word