February 27, 2026

मानिकपुर क्षेत्र में अवशेष मांस की दुर्गन्ध से लोग परेशान

कोरबा 4 जुलाई। मानिकपुर क्षेत्र के मुख्य मार्ग में खुले में मांस की बिक्री लंबे समय से हो रही है। अवैध रुप से संचालित इस मटन दुकान से लोगों को कई परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। मांस के सड़ांध से जहां लोगों को जीना मुहाल है, वहीं मांस का अवशेष खाने के लिए कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। जो स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है। समस्या के निराकरण के लिए स्थानीय लोगों द्वारा कलेक्टर, आयुक्त सहित जनप्रतनिधियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके लोगों की समस्या कई सालों से यथावत बनी हुई है।

मानिकपुर मेन रोड के बीच सड़क किनारे अघोषित रुप से दो मांस की दुकानें चल रही है। खुले में ही मांस के काटने से आने जाने वालों को परेशानी के साथ सड़ांध का सामना रोजाना करना पड़ता है। इस अवैध व्यवसाय के चलते न सिर्फ शाकाहारी लोगों का यहां से गुजरना मुहाल है बल्कि जो लोग इनसे मांस खरीदते है उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वहीं मटन दुकान के संचालक द्वारा मांस बेचने के बाद बचे हुए अवशेषों को यूं ही सड़क किनारे फेंक दिया जाता है। जिसके कारण क्षेत्र में हमेशा दुर्गन्ध बनी रहती है और कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं रात में आने-जाने वालों लोगों पर ये आवारा कुत्ते दुर्घटना के कारण बन रहे हैं।

जानकारी के अनुसार नगर निगम के इन दुकानों की देखरेख में लगे अधिकारी शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं करते हैं। यही वजह है कि एक के बाद एक लगातार शहरी क्षेत्रों में मीट मटन की दुकानें खुल रही है और स्थानीय नागरिकों की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होती है। खुले में बिक रहे मांस पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र के लोगों द्वारा कई बार कलेक्टर, आयुक्त सहित जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है। पर आज तक किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई है। और आज तक इसका स्थाई समाधान नहीं निकाला जा सका है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word