September 17, 2024

तीन रेंज में हाथियों का विचरण जारी, 25 किसानों के फसलों को किया क्षतिग्रस्त

कोरबा 10 अगस्त। कटघोरा वनमंडल के तीन रेंज ऐतमानगर, केंदई व पसान में 38 हाथियों का विचरण जारी है। हाथियों ने लगभग दो दर्जन किसानों की फसल रौंद दी और उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। वन्य प्राणियों के हमले में होने वाले नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी वन विभाग की है।

ऐतमानगर रेंज के बोदरापारा में 35 की संख्या में हाथी घूम रहे हैं। हाथियों के इस दल ने रात में जंगल से निकलकर खेतों में प्रवेश किया और 6 किसानों की फसल रौंद दिया। किसानों को इसका पता तब चला जब आज सुबह अपने खेतों में पहुंचे तो वहां फसल को तहस-नहस पाया। खेतों में हाथियों के पांव के निशान थे। उन्हें समझने में यह देर नहीं लगी कि हाथियों ने उनकी मेहनतों पर पानी फेर दिया है। तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। जिस पर वन अमला मौके पर पहुंचकर नुकसानी का आंकलन किया और रिपोर्ट तैयार कर रेंजर शहादत खान को सौंप दी। उधर केंदई रेंज में मौजूद उत्पाती दंतैल हाथियों ने यहां किसानों के खेत में जाकर 11 किसानों किसानों के फसल को बुरी तरह तहस.नहस कर दिया। हाथियों का उत्पात रात भर चला। इस दौरान दंतैल हाथियों के चिंघाड़ से खेत गूंजता रहा। लालपुर में फसल रौंदने के बाद हाथियों ने सुबह होने से पहले जंगल का रूख किया और इसके रास्ते पसान रेंज पहुंच गए और बनिया गांव में चार किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाया। उत्पाती दंतैल हाथियों के पसान क्षेत्र में पहुंचते ही वन विभाग का अमला उसकी निगरानी में जुट गया है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में मुनादी करा दी गई है।

जंगली जानवरों की गतिविधियों से होने वाली जन हानि के मामले में राजस्व विभाग प्रावधानों के अंतर्गत सहायता देता है। इसके अलावा वन विभाग फसल नुकसान व अन्य मामलों में क्षतिपूर्ति का भुगतान कर रहा है। क्षेत्र में जंगली जानवरों की लोकेशन के बारे में जानकारी लेकर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। (संजय मरकाम, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा)

Spread the word