March 24, 2026

तपेदिक बीमारी से त्रस्त युवक ने जहर सेवन कर दे दी जान

कोरबा 21 अगस्त। तपेदिक बीमारी से त्रस्त एक ग्रामीण युवक ने स्वस्थ नहीं होने पर गत रात्रि जहर सेवन कर लिया। जिला अस्पताल में लाये जाने पर उपचार के दौरान आज तड़के उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार करतला थाना अंतर्गत ग्राम चोरभट्टी निवासी युवक प्रेमसिंह कंवर उम्र 35 वर्ष की शादी 10 वर्ष पूर्व दूजोबाई कंवर उम्र 32 के साथ सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही प्रेम सिंह कंवर पिता राम प्रसाद कंवर खेती किसानी कर अपनी पत्नी व बच्चों का भरणपोषण कर रहा था। इधर कुछ वर्षों से उसे नशा का शौक होने पर मदिरापान शुरू कर दिया था। इसी दौरान उसे तपेदिक की बीमारी ने अपने आगोश में ले लिया। बताया जाता है कि तपेदिक बीमारी का वह विगत सालभर से लगातार उपचार करा रहा था। लेकिन इसके बावजूद भी वह स्वस्थ नहीं हो पा रहा था। उसके परिवारिक सूत्रों से जो खबर छनकर आ रही है उसके अनुसार देर रात उसने बिना बताये चुपके से जहर सेवन कर लिया। विष बाधा के कारण परेशानी होने पर वह लगातार उल्टी करने लगा, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां तड़के पांच बजे उसकी मौत हो गई।

ज्ञात रहे कि ठीक इसी तरह एक अन्य बीमारी से त्रस्त ग्राम कटेलमुड़ा थाना कटघोरा निवासी लंबोदर दास उम्र 45 ने एक माह पूर्व में जहर सेवन किया था। जिसे परिजनों ने जानकारी होने पर उस दौरान उपचार के बाद उसे बचा लिया लेकिन कल रात उसने दुबारा जहर सेवन कर लिया। जिसकी मौत हो गई। दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच जारी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word