September 20, 2024

सिंहदेव गए दिल्ली, खत्म नहीं हुई ढाई साल की पारी

रायपुर 30 अगस्त। ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के नाम पर शुरू हुई छत्तीसगढ़ की राजनीतिक खींचतान शांत होती नहीं दिख रही है। प्रदेश की राजनीति में हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव आज अचानक दिल्ली रवाना हो गए हैं। इस बीच दिल्ली से कुछ वरिष्ठ नेताओं के पर्यवेक्षक बनकर रायपुर आने की भी चर्चा है।

स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव सोमवार को 3 बजे के करीब रायपुर हवाई अड्‌डे पहुंच गए। पता चला कि वे दिल्ली जा रहे हैं। सिंहदेव की ओर से बताया गया, वे पारिवारिक कारणों से दिल्ली जा रहे हैं। कल लौट आएंगे। अगस्त की शुरुआत से ही लगातार दिल्ली में जमें रहे सिंहदेव शनिवार रात को ही रायपुर लौटे हैं। उस दिन उन्होंने बताया था, विभागीय कामकाज पर ध्यान रखते हुए वे हाइकमान के फैसले का इंतजार करेंगे।

रविवार को उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की। चिकित्सा शिक्षा विभाग और दवाओं की खरीदी की प्रक्रिया के बारे में निर्देश दिए। अगले कुछ दिनों में वे पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के साथ जीएसटी विभाग के कामकाज की समीक्षा करने वाले थे। अचानक उनके दिल्ली जाने से कई तरह के कयास शुरू हो गए हैं। बताया गया, सिंहदेव कल दिल्ली से लौटेंगे।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक एक-दो दिनों में AICC के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया और पार्टी महासचिव अजय माकन रायपुर आने वाले हैं। हालांकि अजय माकन का दौरा पहले से तय बताया जा रहा है। उन्हें 3 सितम्बर को एक प्रेस वार्ता के लिए आना था।

इस बीच चर्चा यह भी है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस हाइकमान कुछ वरिष्ठ राजनेताओं को रायपुर भेजने की तैयारी में है। डैमेज कंट्रोल और सुलह-समझौते की राह निकालने के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा कुमारी के यहां आने की चर्चा है। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल का भी नाम चर्चा में है।

Spread the word