March 18, 2026

नेतृत्व परिवर्तन होने पर भी वार्ड क्रं.-66 की समस्याएं नहीं बदली

कोरबा 10 सितंबर। कोयलांचल के अंतर्गत नगर निगम के वार्ड क्रमांक 66 की जनता जर्जर नाली, पेयजल और साफ.-सफाई से संबंधित समस्याओं से जूझ रही है। कहा जा रहा है कि चुनाव के बाद इलाके में दो ही बार पार्षद को देखा गया है। इसलिए समस्याएं निराकृत नहीं हो पा रही है।

पिछले चुनाव में इस वार्ड से कमला बरेठ पार्षद के रूप में निर्वाचित हुई। लोगों को उम्मीद थी कि चेहरा बदलने पर वार्ड की तस्वीर बदलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निगम चुनाव को एक वर्ष से ज्यादा समय होने पर इलाके की स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस वार्ड के अंतर्गत आने वाले गायत्री नगर में रहने वाले लोगों की शिकायत है कि उनके यहां नालियां या तो है ही नहीं या फिर आधी अधूरी। इसके कारण समस्या ज्यादा हैं। गंदगी से लबरेज होने पर वर्तमान में मच्छरों की पहुंच ज्यादा हो गई हैं और लोग बीमार पड़ रहे हैं। पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यहां पर बनायी गई पानी टंकी का निचला हिस्सा जर्जर हो चुका है। ऐसे में कभी भी टंकी के टूटने का खतरा बना हुआ है। पार्षद को उसकी जानकारी लोगों की ओर से दिए जाने के बावजूद निष्क्रियता की स्थिति बनी हुई है। लोगों का कहना है कि उन्होंने काफी कुछ सोचकर यहां पर नेतृत्व परिवर्तन किया था। लेकिन परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आ सके। इस बारे में नागरिकों के द्वारा पार्षद पति से जानकारी हासिल की गई तो बताया कि नगर निगम के पास रुपयों की दिक्कत है। ऐसे में उपलब्धता की समस्या है। इसलिए विकास में परेशानी है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word