July 7, 2024

पंजाब: सुखजिंदर सिंह हो सकते हैं मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 19 सितंबर। तीन बार के कांग्रेस विधायक और कैप्टन अमरिंदर के मंत्रिमंडल में जेल और सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा कांग्रेस के मुख्यमंत्री हो सकते हैं। रंधावा पंजाब कांग्रेस में उपाध्यक्ष और सचिव रह चुके हैं।

सूत्रों का कहना है कि पंजाब कांग्रेस में सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम पर सहमति बन गई है और हाईकमान को नाम भेज दिया गया है। बता दें कि रंधावा डेरा बाबा नानक सीट से विधायक हैं और कैप्टन कैबिनेट में मंत्री भी थे। वे 2002, 2007 और 2017 में चुनाव जीते थे।

कांग्रेस के नए CM को लेकर राहुल गांधी के घर मीटिंग चल रही है, जिसमें अंबिका सोनी भी मौजूद हैं। दरअसल अंबिका सोनी का नाम भी CM पद की प्रमुख दावेदार के तौर पर सामने आया था, लेकिन उन्होंने खुद ही ऑफर ठुकरा दिया। साथ ही सलाह दी थी कि पंजाब में CM का चेहरा कोई सिख ही होना चाहिए, नहीं तो पंजाब में कांग्रेस बिखर सकती है।

विधायक भी बोले- पंजाब सिख स्टेट, CM भी सिख होना चाहिए

मौजूदा हालात को देखते हुए कांग्रेस के ऑब्जर्वर अजय माकन, हरीश चौधरी और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत नए सिरे से विधायकों का फीडबैक ले रहे थे। उनसे पूछा जा रहा था कि वे किसे मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं? इसी बीच कांग्रेस विधायक परमिंदर पिंकी ने कहा कि पंजाब सिख स्टेट है, इसलिए यहां किसी सिख चेहरे को ही CM बनाया जाना चाहिए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा के घर विधायक जुटने शुरू हो गए थे। अब कांग्रेस के कई बड़े नेता भी उनके घर पहुंचने लगे हैं।

Spread the word