February 27, 2026

बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत

कोरबा 30 अक्टूबर। सर्वमंगला मुख्यमार्ग पर बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि हरदीबाजार क्षेत्र में भारी वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। प्रकरण में पुलिस के द्वारा कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे कुसमुंडा पुलिस थाना की सर्वमंगला नगर चौकी के अंतर्गत मुख्य मार्ग पर हुए हादसे में 27 वर्षीय चंद्रशेखर पटेल पिता बरातुराम पटेल निवासी जटराज चंद्रनगर का अंत हो गया। ग्रामीण कामकाज समाप्त करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान इस रास्ते पर एक बोलेरो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। खबर के अनुसार वाहन चालक नशे की स्थिति में था। दुर्घटना के बाद इस रास्ते से आवाजाही करने वाले लोग हरकत में आये जिन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने बोलेरो को जप्त करने के साथ नशेड़ी चालक को अपने कब्जे में लिया। आज सुबह मृतक का शव पोस्टमाटम के लिए कोरबा भेजा गया और इसके पश्चात उसे परिजनों के हवाले किया गया। एक अन्य घटना में हरदीबाजार पुलिस चौकी ने भारी वाहन के चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक दुर्घटनाकारित करने का अपराध दर्ज किया है। हरदीबाजार चौकी के एएसआई तारन कोसले ने बताया कि बुडग़हन सराईसिंगार क्षेत्र में पिछली शाम ट्रेलर ने बाइक सवार युवक राजेश रोहिदास पिता बुधराम रोहिदास को अपनी चपेट में ले लिया। युवक अपने कार्यस्थल से गांव लौट रहा था। दुर्घटना में उसे गंभीर चोटें आई। फौरी तौर पर डायल 112 को खबर दी गई। स्थानीय स्तर पर सामान्य चिकित्सा दिलाई गई। चिकित्सक ने पीड़ित की स्थिति गंभीर बताई जिसके बाद राजेश को जिला अस्पताल भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।

कुसमुंडा मार्ग पर हसदेव सड़क सेतु में एक ट्रक के खराब होने और कोरबा-कनवेरी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पास बड़ी संख्या में वाहनों की कतार लगने के कारण आज सुबह जाम की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान रास्ते से आवाजाही कर रहे दुपहिया सहित अन्य वाहनों को निकलने में दिक्कतें हुई। आम लोग भी जमकर परेशान हुए। सूचना होने पर सर्वमंगला पुलिस चौकी प्रभारी अजय सोनवानी और यातायात पुलिस ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर तक मशक्कत करने के बाद यहां आवाजाही सामान्य हो सकी।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word