March 17, 2026

शराबी पति ने टांगी से कर दी पत्नी की हत्या, पुलिस को कॉल कर बोला, पत्नी को मार डाला है

कोरबा 13 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा में रविवार देर रात एक युवक ने टांगी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को कॉल कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। वहीं वह शराब पीने का आदी है। शराब के नशे में ही वह देर रात पत्नी से विवाद कर रहा था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। मामला हरदी बाजार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम रामपुर निवासी जयपाल बंजारे खेती किसानी करता है। वह शराब पीने का आदी है। उसकी करीब 10 साल पहले सोमकुंवर 32 से शादी हुई थी। दोनों के 9 व 7 साल के एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि जयपाल को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। सोमकुंवर भी उसके चरित्र पर संदेह करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात जयपाल शराब पीकर घर पहुंचा। उस समय बच्चे अंदर कमरे में सो रहे थे। जबकि जयपाल के पिता अपने काम पर गए थे। वह एक निजी कंपनी में चौकीदारी करते हैं। इस दौरान एक बार फिर शराब के नशे में जयपाल अपनी पत्नी से विवाद करने लगा। दोनों के बीच झगड़ा बढ़ा तो जयपाल अंदर से टांगी उठा लाया और सोमकुंवर के गर्दन पर वार कर दिया। हमले में सोमकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद जयपाल ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जयपाल को गिरफ्तार कर लिया। सोमकुंवर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सूचना मिलने पर जयपाल का पिता भी पहुंच गया। दोनों बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। वही अब बच्चों की देखभाल करेंगे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word