October 5, 2024

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में उत्पादन प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता खत्म करेंः ननकीराम कंवर

कोरबा 24 दिसंबर। जिले के रामपुर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने किसानों के घरों में पहुंचकर धान का भौतिक सत्यापन करने और धान बेचने के लिए उत्पादन प्रमाण पत्र की अनिवार्यता पर रोक लगाने की मांग की है।

विधायक श्री कंवर ने बताया कि समर्थन मूल्य पर सोसायटी में धान बेचने के लिए जिले में पटवारियों से उत्पादन प्रमाण-पत्र लेना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। दूसरी ओर किसानों को उत्पादन प्रमाण पत्र के लिए पटवारियों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अनुचित लाभ लेने के बाद भी किसानों को प्रमाण पत्र दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी किसानों के घरों में जाकर धान का भौतिक सत्यापन क रने की आड़ में उन्हें परेशान कर रहे हैं। किसानों का धान भी जप्त किया जा रहा है। श्री कंवर के अनुसार इस वर्ष जिले में प्रति एकड़ 20 क्विंटल से अधिक धान का औसत उत्पादन हुआ है। शासन केवल 15 क्विंटल की खरीदी कर रहा है। ऊपर से उत्पादन प्रमाण पत्र को अनिवार्य कर दिया गया है, जबकि पूरे प्रदेश में अनावारी रिपोर्ट के आधार पर धान की खरीदी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी अनुचित लाभ अर्जित क रने के लिए किसानों को प्रताड़ित कर रहे हैं। विधायक कंवर ने कहा है कि प्रदेश के राजस्व मंत्री के गृह जिले में राजस्व विभाग का अमला बेलगाम हो गया है। नामान्तरण से लेकर नक्शा-खसरा, बी.वन. आदि कार्यों के एवज में पटवारी पचास-पचास हजार रूपयों की मांग करने लगे हैं, जिससे किसानों में व्यापक अंसतोष व्याप्त है। उन्होंने इन तमाम अवैधानिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग जिला प्रशासन और शासन से की है।

Spread the word