February 27, 2026

अपराधियों पर अंकुश लगाने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करेंः ताम्रध्वज साहू

कोरबा 26 दिसंबर। लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कल कोरबा प्रवास के दौरान सीएसईबी गेस्ट हाउस में गृह एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से जिले में कानून व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

मंत्री साहू ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से एवं समय सीमा में पूरा करने के निर्देश बैठक में मौजूद अधिकारियों को दिए। इस दौरान कलेक्टर रानू साहू, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल तथा गृह निर्माण विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे। बैठक में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल से जिले के थाना, चौकी, लाइन, बल की उपलब्धता तथा सुरक्षा संबंधित अन्य विषयों की जानकारी ली। गृह मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए जिले के आंतरिक क्षेत्रों में भी निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को जिले में सुरक्षा बल की और आवश्यकता होने पर जानकारी भेजने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही गृह मंत्री साहू ने लोक निर्माण विभाग अंतर्गत ई श्रेणी पंजीयन, प्रगतिरत कार्य, दिए गए कार्यों इत्यादि विषयों पर विस्तार से जानकारी ली।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word