February 27, 2026

बेसहारा लोगों का हाल जान कलेक्टर व आयुक्त ने बांटे कंबल

कोरबा 26 दिसंबर। रेलवे स्टेशन, सब्जी बाजार व सार्वजनिक स्थानों में रात गुजारने वाले भिक्षुक, बेसहारा लोगों व राहगीरों का हाल जानने कलेक्टर रानू साहू, आयुक्त कुलदीप शर्मा व अधिकारियों की टीम के साथ रात में सड़क पर उतरी। इस दौरान उन्होने विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद लोगों को कंबल का वितरण करते हुए हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थानों में रात गुजारने वाले बेसहारा, भिक्षुक व अन्य जरूरतमंद लोगों को बढ़ती ठंड के मद्देनजर कंबल उपलब्ध कराएं। साथ ही इन स्थानों पर अलाव आदि की व्यवस्था की जाए। इस पर कलेक्टर रानू साहू ने निगम आयुक्त कुलदीप शर्मा एवं प्रशासन व निगम के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को रात्रि 10 बजे कोरबा शहर के विभिन्न स्थानों का दौरा किया। बुधवारी दैनिक सब्जी बाजार में पहुंचकर कलेक्टर साहू ने वहां पर भी जरूरतमंदों को कंबल का वितरण किया। उन्होने हालचाल पूछते हुए कहा कि उन्हें यदि किसी प्रकार की समस्या व परेशानी होती है तो वे इसकी जानकारी उन्हें प्रदान करें, ताकि परेशानियों का त्वरित निराकरण किया जाए। कलेक्टर, आयुक्त को कड़कड़ाती ठंड में रात्रि के समय अपने बीच पाकर इन जरूरतमंद लोगों के चेहरे खिल उठें, उन लोगों ने ठंड से बचने मिले कंबल के लिए अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word