July 7, 2024

संभाग स्तरीय खेल, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिता में 557 प्रतियोगियों ने लिया हिस्सा

बालक-बालिकाओं ने खेल और विभिन्न कलाओं में दिखाया प्रतिभा

कोरबा 27 दिसंबर। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू के मार्गदर्शन में आदिवासी विकास विभाग कोरबा के द्वारा छुरीकला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में दो दिवसीय संभाग स्तरीय खेलए सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग के जिलों कोरबा, मुंगेली, रायगढ़, जांजगीर-चांपा तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के एकलव्य विद्यालयों में अध्ययनरत 557 अनुसूचित जनजाति वर्ग के बच्चे शामिल हुए। प्रतियोगिता में 280 बालक तथा 277 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। इसमें कोरबा के 202, मुंगेली के 59, रायगढ़ के 87, जांजगीर चाम्पा के 118 एवं गौरेला पेण्ड्रा मरवाही के 108 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिला स्तर पर खेल, सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में नृत्य,गायन,भाषण, चित्रकला तथा खेल की विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संभाग के प्रतिभागियों ने खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत खो-खो, कबड्डी, बॉलीबाल, हैंडबॉल,फुटबाल,हॉकी भालाफेंक आदि खेलों में अपने हुनर का प्रर्दशन किया।

इस संभाग स्तरीय खेल एवं सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतियोगिता में कोरबा जिले के प्रतिभागियों ने 54 पदक प्राप्त किये। इसमें 23 स्वर्ण, 18 रजत एवं 13 कांस्य पदक शामिल है। इसी प्रकार गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने 19 स्वर्ण, 22 रजत एवं 14 कांस्य सहित कुल 55 पदक प्राप्त किये। जांजगीर चाम्पा के प्रतिभागियों ने 14 स्वर्ण, 17 रजत एवं 11 कांस्य सहित कुल 42 पदक प्राप्त किये। रायगढ़ ने 14 स्वर्ण, 10 रजत एवं 8 कांस्य सहित कुल 32 पदक प्राप्त किये। इसी प्रकार मुंगेली जिला के प्रतिभागियों ने 8 स्वर्ण, 11 रजत एवं 16 कांस्य सहित कुल 35 पदक प्राप्त किये। कोरबा जिले से बालिका संवर्ग में 1500 मीटर दौड़ में आकांक्षा राठिया ने तथा 100 मीटर दौड़ में धीरज कुमार ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी प्रकार सामूहिक संगीत विधा में कोरबा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। अंडर. 14 आठ सौ मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बालक संवर्ग से रामेष्ठ कंवर और बालिका संवर्ग से एकता, गोला फेंक में रामेष्ट कंवर एवं तवा फेंक में रमेश ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बालिका संवर्ग के कबड्डी प्रतियोगिता में गौरेला.पेण्ड्रा-मरवाही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

गौरतलब है कि विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 195 प्रतिभागी रायपुर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का समापन राजस्व मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर राजकिशोर प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों सहित बिलासपुर संभाग के अन्य जिलों से आये अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Spread the word