August 21, 2024

वुमेन विंग ने किया छात्राओं को जागरूक

कोरबा 11 मार्च। उत्कृष्ट जीवन शैली के साथ-साथ अध्ययन और अन्य क्षेत्रों के बारे में छात्राओं को जागरूक करने का काम एसईसीएल के वुमेन विंग ने किया। एसईसीएल दीपका क्षेत्र की उपकार्मिक प्रबंधक श्रीमती लकिता, डॉ.सृष्टि झा, अंशु माला दुबे, संध्या पोट्टाम ने इस कार्य के अंतर्गत नेतृत्व किया।
वुमेन विंग की यह टीम हरदीबाजार विद्यालय पहुंची थी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हरदीबाजार के साथ-साथ आसपास के विद्यालयों में टीम ने उपस्थिति दर्ज कराने के साथ खासतौर पर छात्राओं से संपर्क किया। उनके साथ कई विषयों पर संवाद किया। विद्या अर्जन के लाभ संबंध में पूछताछ की गई।
यह जाना गया कि उनके सामने क्या समस्याएं हैं और उनके सपने क्या हैं। महिलाओं ने अपने साथ लाई सहायक शिक्षण सामाग्री का वितरण यहां पर किया। विद्यार्थियों को समय और परिस्थितियों के साथ सामंजस्य स्थापित करने और परिवार व समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करते हुए देश का नाम रोशन करने को प्रेरित किया गया। इससे पहले महिलाओं की टीम ने उनके हित में अनेक कार्यों को अंजाम दिया है। इसकी चर्चा एसईसीएल के साथ-साथ कोल इंडिया स्तर पर हुई है। अखिल भारतीय स्तर पर चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों को ऐसे ही प्रयासों से दिशा मिलती है और महिलाओं के कल्याण के लिए नया कुछ करने की सोच जन्म लेती है।

Spread the word