February 26, 2026

चाकूबाजी की घटना, गर्भवती महिला की उपचार के दौरान हुई मौत

कोरबा 19 अप्रेल। बुधवारी बस्ती में शनिवार की रात दंपती के बीच चरित्र शंका में हुए विवाद के बाद गंभीर हालत में अस्पताल दाखिल कराई गई गर्भवती महिला ने मृत्यु पूर्व कथन होने से पहले ही दम तोड़ दिया। साथ ही जन्म से पहले उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। पति ने विवाद के बाद पत्नी द्वारा खुद से अपने पेट पर चाकू से हमला करने का बयान दिया है। मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच-पड़ताल कर रही है।   

सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बस्ती निवासी शिव प्रसाद साहू को ममता के चरित्र पर संदेह था। ममता 6 माह की गर्भवती थी। बावजूद शिव प्रसाद उस पर शक करते हुए आए दिन विवाद करता था। शनिवार की रात को भी उन दोनों के बीच चरित्र शंका की बात पर विवाद हुआ। देर रात शिव प्रसाद ने ममता को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। ममता के पेट पर चाकू से वार हुए थे। शिव प्रसाद ने चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी द्वारा खुद से किचन से चाकू निकालकर अपने पेट पर हमला करने की जानकारी अस्पताल व पुलिस को दी। महिला की स्थिति गंभीर होने के कारण वह आईसीयू में थी और बयान देने के हालत में नहीं थी। पुलिस ने उसके मृत्यु पूर्व बयान के लिए प्रशासन को सूचना दी थी, लेकिन महिला की स्थिति में सुधार नहीं आया। सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस को मामले में संदेह है। अब पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच-पड़ताल कर रही है। इस तरह इस घटना से महिला के साथ ही उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी जन्म से पहले मौत हो गई। बयान नहीं हो सका, मर्ग कायम कर जांच-पड़ताल कर रहे रामपुर चौकी प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के मुताबिक अस्पताल में गंभीर स्थिति में भर्ती कराए गए महिला का मृत्यु पूर्व बयान नहीं हो सका। सोमवार को उसकी मौत के बाद मामले में मर्ग कायम कर जांच.पड़ताल किया जा रहा है। मृतका के परिजन को सूचना देकर बुलाया गया है। उनका बयान लिया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य आएगा। उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word