April 11, 2026

छत्तीसगढ़ में अलीबाबा और सत्तर चोर वाले हालात- भाजपा

कर्मचारी पर एक्शन और भ्रष्टाचार के आरोपी विधायक को संरक्षण- संजय श्रीवास्तव

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चुनौती देते हुए कहा है कि आपने राजनीतिक पर्यटन अभियान में दिखावे के लिए जिस तरह सरकारी मुजाजिमों पर निलंबन की कार्रवाई की है, उसी तरह भ्रष्टाचार के आरोप से घिरे अपने विधायक पर निलंबन की कार्रवाई करके दिखाएं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार केंद्र सरकार से मिले धन का राज्य की जनता के हित में उपयोग करने की बजाय लूटो खाओ के खेल में लगी हुई है। कांग्रेस के विधायक और मंत्री के खिलाफ कांग्रेस के ही लोग भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती बल्कि आरोप लगाने वाले को ही कांग्रेस से बाहर कर दिया जाता है जो इसका प्रमाण है कि कांग्रेस की सरकार खुलकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। कांग्रेस को भ्रष्टाचार पसंद है। भ्रष्टाचार का विरोध करने वालों के लिए कांग्रेस में कोई जगह नहीं है। दरअसल करप्शन ही कांग्रेस है और कांग्रेस ही करप्शन है। कांग्रेस की सरकार ने साढ़े तीन साल में छत्तीसगढ़ को लूट लूटकर कंगाल बना दिया है और अब जनता के पैसों से हवा में उड़ रही है। पूरे प्रदेश में हर स्तर पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। जैसी सरकार होगी, वैसा ही आचरण उसके अफसर करेंगे। अब भूपेश बघेल दिखावे के लिए सरकारी मुलाजिमों को जिम्मेदार ठहराने की बजाय अपनी मंडली का रिपोर्ट कार्ड देखें। जो भी गफलत हो रही है, उसके जिम्मेदार भूपेश बघेल ही हैं क्योंकि वे इनके मुखिया हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के युवा आयोग के सदस्य ने कांग्रेस विधायक के भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाई तो उसे निष्कासित कर दिया गया। भूपेश बघेल बतायें कि जिस पर आरोप लगाया गया है, उसके खिलाफ किस कारण से कोई कार्रवाई नहीं की । छत्तीसगढ़ में अलीबाबा और उसके सत्तर चोर वाली नई कहावत जैसे हालात बन गए हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word