March 17, 2026

नौतपा का तापमान रहा सामान्य

कोरबा 26 मई। नौतपा का पहला दिन तापमान के लिहाज से सामान्य बना रहा है। सुबह कुछ देर के लिए तेज धूप जरूर खिली लेकिन उसके बाद बादलों की ओट से सूर्य की किरणें निकलती रहीं। जिनका प्रभाव कम होने से लोगों को काफी राहत मिली।   

मौसम विज्ञान केन्द्र कटघोरा से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 9 सालों का रिकार्ड देखा जाए तो नौतपा के पहले दिन 8 बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं रहा। जबकि एक बार वर्ष 2020 में जिले का तापमान नौतपा के पहले दिन 45 डिग्री सेल्सियस छू गया था। हालांकि उस साल नौतपा के सातवें दिन तेज आंधी चली थी और अच्छी बारिश हुई थी। जिसके कारण तापमान का पारा गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इतना ही नहीं अंतिम दो दिन भी मौसम सामान्य रहने से गर्मी से राहत बनी रही। बाकी 8 सालों में नौतपा के पहले दिन अधिकतम तापमान 40 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। किसी-किसी साल तो पहले दिन बारिश व तेज आंधी भी चली थी। मौसम वैज्ञानिक डॉ.संजय भेलावे के अनुसार इस बार मानसून समय से पहले आने से कृषि कार्य में काफी मदद मिलेगी।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word