February 25, 2026

दोनों हाथ बंधे शव मिला कुएं में, हत्या का संदेह

कोरबा 10 जुलाई। मोहनपुर गांव के एक कुएं में अज्ञात पुरूष का शव मिला है। उसके दोनों हाथ बंधे हुए हैं। इससे संदेह जताया जा रहा है कि हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। शव को कुएं से निकालने के साथ अगली कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना के अंतर्गत सुतर्रा के नजदीक मोहनपुर गांव में स्थानीय लोगों ने कुएं में आज सुबह शव देखा। पेट के बल वह पानी में मौजूद पाया गया। शरीर पर अंडरगार्मेंट भी थे। उसके दोनों हाथ सामने की तरफ बंधे हुए दिखे। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस हरकत में आयी। 174 सीआरपीसी के अंतर्गत मर्ग कायम किया गया। मृतक के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। जिस तरह से उसका शव कुएं में मिला, इससे प्रथम दृष्टि में माना जा रहा है कि मामला हत्या का है। इस आधार पर जांच के बिन्दु तय करने के साथ कार्रवाई की जा रही है। मृतक कौन है, इस दिशा में पुलिस सबसे पहले जानकारी जुटाने में लगी हुई है। उसके मोबाईल नंबर के डिटेल और अन्य जानकारी एकत्र करने के साथ इस मामले में आगे की जांच संभव हो सकेगी। इससे पहले कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेंजरा हाईवे में महेशपुर के एक कुएं में कोनकोना निवासी छात्रा दिव्या गोड़ का शव एक महीने पहले मिला था। छात्रा रंजना गांव में अपनी मौसी के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसका मामला भी हत्या का निकला। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या करने का तथ्य उजागर हुआ है। लेकिन हत्यारे के बारे में पुलिस परिणाम से काफी दूर है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word