March 23, 2026

जहरीले जंतु ने एक दर्जन स्कूली बच्चों को काटा, सभी पीडि़त निजी अस्पताल में भर्ती

कोरबा 22 जुलाई। तहसील कार्यालय कोरबा के समीप स्थित न्यू ऐरा इंग्लिश मिडियम स्कूल के छात्र-छात्राओं में आज सुबह उस वत हड़कंप और भागदौड़ की स्थिति निर्मित हो गई जब देखते ही देखते जहरीले जंतु ने एक दर्जन स्कूली बच्चों को अपना शिकार बनाते हुए उनकी हालत गंभीर कर दी।

नियमत: रोजाना की भांति न्यू ऐरा इंग्लिश मिडियम स्कूल में छात्र-छात्राएं अध्ययन करने पहुंचे थे। उसी दौरान अचानक जहरीले जंतु ने एक साथ एक दर्जन बच्चों को काटकर उनके अंदर दहशत की स्थिति निर्मित कर दिया। अचानक जहरीले जंतु के काटने के कारण स्कूली बच्चों में भागमभाग की स्थिति निर्मित हो गई। हालत यह हो गई कुछ बच्चे आपाधापी में अपने कक्ष में ही भागते वत गिर पड़े। इस बात की जानकारी स्कूल प्रबंधन को हुई तो तत्काल स्कूल के वाहन से पीडि़त बच्चों को कोसाबाड़ी चौक के पास स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।

बताया जाता है कि लगभग एक दर्जन स्कूली बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल लाए जाने पर अस्पताल प्रबंधक ने भी चौकस होकर इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उनका उपचार प्रारंभ कर दिया। जिसके परिणाम स्वरूप सात स्कूली बच्चों को उनकी स्थिति सामान्य होने पर प्रारंभिक उपचार के उपरांत उन्हें रिलिव कर दिया गया। वहीं शानी चौहान, स्किता कौर, गौरव कुमार, मोहन एवं जितेंद्र घोष की हालत सामान्य नहीं होने के कारण उनका उपचार अस्पताल में जारी है। जिनकी देखरेख अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। इस संबंध में न्यू ऐरा स्कूल से जानकारी चाहने पर उसके द्वारा बताया गया कि कुछ बच्चों के शरीर में आज सुबह अचानक खुजली होने की शिकायत मिली। जिस पर उन्हें एहतियात के तौर पर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जहरीले जंतु के काटने वाली कोई स्थिति नहीं है।


1210
Ranjan Prasad

Spread the word