February 4, 2026

माइंस के मुहाने पर ग्रामीण का मिला शव

कोरबा 13 अगस्त। साउथ ईस्टर्न कोलफिल्ड्स लिमिटेड की कुसमुंडा माइंस के मुहाने के पास खेत में एक ग्रामीण का शव मिला है। उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 75 वर्षीय पत्थर सिंह पिता आनंद सिंह के रूप में की गई है। उसके पुत्र गनपत सिंह की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा की औपचारिकता पूरी की।

कुसमुंडा थाना प्रभारी नवीन देवांगन ने बताया कि घटना स्थल के पास से ड्यूटी के लिए जा रहे कुछ कर्मियों की नजर इस व्यक्ति पर पड़ी। उन्होंने नजदीक में जाकर उसे देखा और आसपास में सूचना दी। कुछ देर के बाद पुलिस की टीम यहां पहुंची। इस दौरान गनपत सिंह ने मृतक को पहचाना। खबर मिली कि कुछ दिनों पहले पत्थर सिंह बीमार हो गया था और फिर उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई। उसके शरीर का एक हिस्सा ठीक तरह से काम नहीं कर रहा था। ग्राम खोडरी से कुसमुंडा खदान क्षेत्र में उसका खेत स्थित है। ग्रामीण अपनी फसल को देखने यहां पहुंचा था। माना जा रहा है कि रात्रि में अधिक बारिश होने के दौरान वह यहां पर फंसने के साथ मौत को प्राप्त हुआ होगा। पुलिस ने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चल सकेगा।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word