March 17, 2026

डंगाल काटते वक्त गिरे युवक की उपचार के दौरान मौत

कोरबा 22 अक्टूबर। जिस डंगाल पर बैठा था उसी को कल अपरान्ह काट रहे युवक को गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हालत में कोरबा जिला अस्पताल देर शाम को लाया गया। यहां आज तड़के 3 बजे के लगभग उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के प्रमुख स्थलों में शुमार देवपहरी के नवापारा आश्रित मोहल्ला निवासी युवक महेंद्र मंझवार उम्र 35 पिता सुखराम मंझवार बकरी पाल रखा था। वह अपनी पत्नी के साथ रोजाना की भांति कल भी बकरियों को लेकर चराने देवपहरी के नवापारा पहाड़ी जंगल ले गया था। वहां दोनों पति.पत्नी जंगल में चर रही बकरियों की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान उसकी पत्नी ने बकरियों के चारा के लिए कुछ पत्तेयुक्त डंगाल काटने की उससे आग्रह किया। जिसके बाद महेंद्र मंझवार आव देखा न ताव देखा सीधे पेड़ पर चढ़ गया और जिस डाल पर बैठा था उसी को काटने लगा। जिसके कारण पतली डाल पर वजन ज्यादा हो जाने के कारण वह टूट गई और उससे करीबन 20 फीट ऊंचाई से गिर गया। जिससे कि उसे गंभीर चोटें आई। यहां तक कि उसके सिर एवं सीने में काफी गहरा चोट लगा था। इस वजह से वह खून से वहीं पहाड़ी पर ही लथपथ हो गया था। किसी तरह से उसे देवपहरी स्थित लघु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया गया। यहां लाए जाने के बाद उसका उपचार चल रहा था। इसी दौरान तड़के तीन बजे के लगभग उसके शरीर से अत्यधिक रक्तस्त्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल के वार्ड ब्वाय द्वारा सूचना दिए जाने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव को पीएम के लिए चीरघर भिजवा दिया। अस्पताल चौकी प्रभारी रविंद्र जर्नादन ने बताया कि मृतक की पत्नी एवं परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। आगे की विवेचना कार्यवाही के लिए संबंधित थाने को मर्ग डायरी भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word