February 25, 2026

त्योहारी सीजन तक बाजार व चौक-चौराहों पर रहेगी पुलिस जवानों की तैनाती

कोरबा 23 अक्टूबर। त्योहारी सीजन के पास आते ही बाजार में रौनक बढऩे लगी थी। शनिवार को धनतेरस के दिन बाजार में जमकर भीड़भाड़ रही। इस दौरान बाजार में किसी तरह की वारदात न हो, इसके लिए पुलिस अलर्ट है। धनतेरस से पहले सोमवार को कटघोरा में बैंक से निकले सीआईएसएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर से 5 लाख की उठाईगिरी की घटना हो गई थी। हालांकि पुलिस ने तत्परता के साथ जांच.पड़ताल करते हुए 2 दिन के भीतर 2 आरोपियों में एक को गिरफ्तार कर 4 लाख 90 हजार रुपए बरामद कर ली थी। उक्त घटना के बाद पुलिस अलर्ट हुई।

अब शहर समेत उपनगरीय क्षेत्र के प्रमुख बाजार व चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती की है। शहर में पावर हाऊस रोड समेत बड़े व्यवसायिक क्षेत्र में हथियार लेकर सशस्त्र जवान तैनात किए हैं। फोर व्हीलर के अलावा टू.व्हीलर पेट्रोलिंग दस्ता जहां बाजारों में लगातार घूम रहा है, वहीं संदिग्धों की धरपकड़ के लिए बिना वर्दी में पुलिस जवान बाजार में निगरानी में लगाए गए हैं। दूसरी ओर अपराधियों पर दबाव बनाने के लिए दोपहर भी शहर में फ्लैग मार्च निकाली ।

पूरे त्योहारी सीजन तक पुलिस रहेगी तैनात- एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा के मुताबिक दीपावली के साथ ही छठ व एकादशी तक बाजार में रौनक रहती है। इसलिए धनतेरस व दीपावली तक पुलिस अलर्ट है। बाजार में पुलिस बल की तैनाती की गई है। आगे पूरे त्योहारी सीजन में बाजार में पुलिस तैनात रहेगी।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word