July 4, 2024

ऑफलाइन और ऑनलाइन ले सकेंगे टोकन, 2 दिन बाद 55 केंद्रों में शुरू होगी धान की खरीदी

कोरबा 30 अक्टूबर। जिले की 41 समितियों के 55 केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 नवंबर से 31 जनवरी तक की जाएगी। इस बार धान बेचने के लिए किसानों को टोकन ऑफलाइन के साथ ही ऑनलाइन की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने टोकन तुहर हाथ मोबाइल एप लांच करने की तैयारी की है। इससे किसानों को घर बैठे ही टोकन मिल जाएगा। किसानों को धान बेचने में परेशानी ना हो इसके लिए ही टोकन सिस्टम बनाया है।

इसके तहत किसानों को केंद्र में धान लाने की तिथि और उसकी मात्रा तय होती है। इससे किसानों के साथ ही समितियों को भी सुविधा होती है। जिस दिन के लिए टोकन जारी होता है, उतने ही किसान खरीदी केंद्र पहुंचते हैं। इस बार 19 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य तय किया है। उसी हिसाब से बारदाने की व्यवस्था भी की जा रही है। टोकन सिस्टम में और सुधार करने के लिए ही मोबाइल एप बनाया है। इससे टोकन के लिए किसानों को केंद्रों तक जाना नहीं पड़ेगा। एप डाउनलोड करने के बाद टोकन का रिक्वेस्ट डालना पड़ेगा। वह टोकन सिस्टम में लोड हो जाएगा। समितियां किसानों की संख्या को देखते हुए भी निर्णय ले सकेंगे।

राज्य शासन ने भले ही 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का निर्णय लिया है, लेकिन अभी ठीक से धान पककर तैयार नहीं हुआ है। वनांचल क्षेत्रों में जरूर कम दिनों में पकने वाली फसल की कटाई चल रही है। इस वजह से विभाग के अधिकारी भी मार रहे हैं कि 10 नवंबर के बाद ही धान की आवक शुरू होगी। धान बेचने के लिए किसानों का पंजीयन 31 अक्टूबर तक होगा। अभी तक 43700 किसानों का पंजीयन हो चुका है। इसमें 40537 पुराने किसान हैं। नए किसानों की संख्या 3163 है। 2 दिनों में संख्या और बढ़ सकती है। इसी वजह से 5 नए केंद्र खोलने का प्रस्ताव भेजा गया है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी एके जोशी का कहना है कि टोकन के लिए मोबाइल एप की जानकारी पंजीकृत किसानों को दी जाएगी। ऑफलाइन सेभी पहले की तरह टोकन लेने की सुविधा है। इस वजह से कोई परेशानी नहीं होगी।

Spread the word