July 4, 2024

संभाग स्तरीय युवा महोत्सव में उर्जाधानी का प्रतिनिधित्व करेंगे डिकेश्वर साहू


कोरबा। युवा महोत्सव का आयोजन इस वर्ष भी किया जा रहा है। प्रदेश में युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने एवं उनके अंदर निहित प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से प्रत्येक साल युवा महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन विकासखंड स्तरीय, जिला स्तरीय, संभाग स्तरीय और अंतत: राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के रूप में चार चरणों में पूर्ण होती है। प्रत्येक चरण के विजेता प्रतिभागी को अगले चरण में जाने का अवसर मिलता है।
जिला प्रशासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग कोरबा की ओर से जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 में किया गया। यह प्रतियोगिता 15 से 40 वर्ष और 40 वर्ष के ऊपर आयु के लिए हुआ। 15 से 40 वर्ष के आयु वर्ग में निबंध लेखन, तात्कालिक भाषण एवं वाद विवाद प्रतियोगिता में कोरबा विकासखंड से डिकेश्वर साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्हें मंचासीन अतिथियों ने सम्मानित किया। डिकेश्वर साहू अब संभाग स्तरीय युवा महोत्सव प्रतियोगिता में ऊर्जाधानी का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीन विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उनके परिजनों एवं स्नेहीजनों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Spread the word