March 17, 2026

परीक्षा नजदीक है तैयारी कैसे करें : डॉ. तिवारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल पाली के शिक्षाविद प्राचार्य एवं करियर काउंसलर डॉ. गजेंद्र तिवारी का मानना है कि परीक्षा के दिन नजदीक आते ही तनाव होना स्वभाविक है लेकिन कुछ बातों को ध्यान रखकर आप न केवल परीक्षा की बेहतर तैयारी कर सकते हैं साथ ही तनाव को भी दूर कर सकते हैं।
पढ़ाई करने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप समय-सारिणी बनाएं और यह पहले ही तय कर लें कि आपको कब क्या और कितना पढ़ना है। चाहे तो हर आधे घंटे या 1 घंटे में 10 से 15 मिनट का ब्रेक लें। इसे दोबारा जब पढ़ाई करने बैठेंगे तो बेहतर तरीके से पढ़ पाएंगे। एक ही बार में ज्यादा से ज्यादा पढ़ने की कोशिश न करें। पहले कठिन विषयों का अध्ययन कर लें उसके बाद आसान चीजों को पढ़ें। धीरे-धीरे पढ़ाई के घंटों को बढ़ाएं, लेकिन बीच में ब्रेक जरूरी है। अगर समय-सारिणी के हिसाब से पढ़ाई होगी तो सभी विषयों पर बराबर ध्यान दे पाएंगे। अक्सर परीक्षा और पढ़ाई के दबाव के चलते बच्चे पर्याप्त नींद नहीं लेते। वे देर रात तक तो पढ़ाई करते ही हैं, सुबह भी पढ़ाई करने जल्दी उठ जाते हैं जिससे पर्याप्त नींद नहीं हो पाती। इससे दिमाग सुस्त और उसकी कार्य क्षमता कम हो जाती है। दिमाग तभी ठीक से काम करेगा, जब उसे पर्याप्त आराम मिलेगा। अत: विद्यार्थी पर्याप्त नींद लें। ज्यादातर बच्चे पढ़ाई के दौरान खाने-पीने पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते, लेकिन इस समय उन्हें पोषण की आवश्यकता अधिक होती है। बच्चों को हरी सब्जियां ड्राई फ्रूट, जूस दूध आदि लेना चाहिए। एक ही बार में ज्यादा खाने की बजाय थोड़ा-थोड़ा खाएं। ज्यादा मिर्च मसाले, तली हुई चीजे, फास्ट फूड से दूर रहें। सुबह की सैर हो, योगा या फिर घर में ही कोई व्यायाम करना हो, मानसिक स्वास्थ्य के लिए शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखना भी बेहद जरूरी है। डॉ. तिवारी का मानना है कि सिर्फ पढ़ाई करते रहने से दिमाग बोझिल हो सकता है। उसे रिफ्रेश करने के लिए मनोरंजन भी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पूरे पाठ्यक्रम की जानकारी रखें, पढ़ाई शुरू करने के पहले बोर्ड एग्जाम का सिलेबस जरूर रखें। नियमित पढ़ाई करें, ब्रेक ले ले करके पढ़ें, लगातार एक ही विषय न पढ़े हैं। हर दिन रिवीजन करें, अपना कंसंट्रेशन बढ़ाएं। हर दिन अच्छी नींद लें, रोजाना वाकिंग या खेलकूद करें।

ranjan photo
Admin

Spread the word