February 25, 2026

निगम के तोड़ूदस्ता ने फुटपाथ से हटाया बेजाकब्जा

कोरबा। आम नागरिकों के चलने के लिए बनाए गए फुटपाथ पर हुए अवैध कब्जा पर आखिरकार नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में कार्रवाई करने के साथ फुटपाथ और आसपास के इलाके को अतिक्रमण से मुक्त किया गया है। दूसरे क्षेत्रों में भी इस प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
बीते वर्षों में नगर पालिक निगम ने स्मृति उद्यान से लेकर घंटाघर चौराहा और जैन मंदिर से बुधवारी बाजार तक फुटपाथ का निर्माण कराया था। इस काम पर भारी-भरकम राशि खर्च की गई। उद्देश्य था कि फुटपाथ का उपयोग लोगों के पैदल चलने के लिए किया जाए। समय के साथ साथ इन सभी फुटपाथ के अलावा महाराणा प्रताप चौराहे से लेकर शासकीय गर्ल्स कॉलेज तक लोगों ने बेजा कब्जा कर लिया था। इन कारणों से आवाजाही पर बुरा असर पड़ रहा था। कुछ अवसरों पर इक्का-दुक्का कार्रवाई की गई और मामले को यूं ही छोड़ दिया गया। हाल में ही अवैध कब्जों पर प्रशासन और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान दिलाया गया, जिसके बाद फौरी तौर पर निगम की टीम ने अभियान चलाया और इन स्थानों से सभी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। इससे वे लोग काफी परेशान दिखे जो काफी समय से यहां पर जमे हुए थे। नगर निगम के तोड़ू दस्ता ने कई तरह की परेशानियों को लेकर यह कार्रवाई की है। इससे पहले नगर निगम की टीम ने एमपी नगर क्षेत्र में एक चबूतरा को हटाने के अलावा कुछ और जगह इसी अंदाज में कार्रवाई की। लोगों को इंतजार है कि दूसरे क्षेत्रों के अवैध कब्जों पर निगम की कार्रवाई कब होगी।

ranjan photo
Admin

Spread the word