March 26, 2026

महंत कप में राज्य भर के समाज के क्रिकेटर दिखाएंगे हुनर

0 शोभायात्रा निकालकर समारोह का शुभारंभ
कोरबा।
राज्य स्तरीय सामाजिक (महंत) क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन सद्गुरु कबीर साहेब क्रिकेट समिति कोरबा की ओर से भारतीय मानिकपुरी पनिका समाज के सौजन्य से किया जा रहा है। 29 जनवरी से 2 फरवरी तक महंत कप जीतने के लिए ओपन थियेटर घंटाघर मैदान में मानिकपुरी महंत समाज के क्रिकेट खिलाड़ी मशक्कत करेंगे।
29 जनवरी रविवार को प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पहले भव्य शोभायात्रा कोसाबाड़ी स्थित कबीर बाग से प्रारंभ हुई। शोभायात्रा मुख्य मार्ग होते घंटाघर तथा महाराणा प्रताप चौक से वापस ओपन थियेटर खेल मैदान पहुंचकर पूर्ण हुई। इसके बाद स्पर्धा का शुभारंभ किया गया। स्पर्धा शुभारंभ के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, विशिष्ट अतिथि सांसद ज्योत्सना महंत, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक मोहित राम केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्याम सुंदर सोनी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कोरबा जिला सहित जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, सूरजपुर, मुंगेली, अंबिकापुर, बलौदाबाजार, भाठापारा, रायपुर, कवर्धा जिले की टीम शामिल हो रही हैं। डे-नाइट प्रतियोगिता में प्रतिदिन 4 मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक मैच 8 ओवर का होगा। स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय 25 हजार एवं तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये निर्धारित है। आकर्षक पुरस्कार भी विशिष्ट प्रदर्शन के लिए रखे गए हैं। प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण भी किए जाने की व्यवस्था की गई है। स्पर्धा आयोजन समिति के अध्यक्ष गौतम दीवान व समस्तजनों ने नगर व जिले के क्रिकेट प्रेमियों सहित मानिकपुरी पनिका महंत समाज के लोगों से अधिकाधिक उपस्थिति दर्ज कराते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

ranjan photo
Admin

Spread the word