October 6, 2024

सिटी बस संचालकों के खिलाफ ऑटो संघ ने खोला मोर्चा

0 कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में लगाया मनमानी का आरोप
कोरबा।
जिला ऑटो संघ ने सिटी बस संचालकों पर मनमानी का आरोप लगाया है। महिला कंडेक्टर से जानबूझकर विरोध कराया जाता है। मामले की शिकायत ऑटो संघ ने कलेक्टर से की है। संघ ने इस मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की है।
संघ अध्यक्ष गिरिजेश सिंह राठौर द्वारा किए गए शिकायत में कहा गया है कि जिले में लगभग 1500 ऑटो रिक्शा संचालित है। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऑटो रिक्शा क्रय कर अपना व अपने परिवार का बमुश्किल से भरण पोषण करते आ रहे हैं। 2 वर्ष पूर्व कोविड-19 के कारण सैकड़ों ऑटो चालक बेरोजगार हो गये हैं। संपूर्ण लॉकडाउन में ऑटो संचालन नहीं होने के कारण लगभग 400 ऑटो रिक्शा को विभिन्न कंपनियों ने किस्त नहीं जमा करने के एवज में अधिग्रहण कर लिया है। संघ का कहना है कि इन दिनों जनहित में सिटी बस संचालित है, लेकिन सिटी बस के ठेकेदार अपने सिटी बस ऑपरेटरों को खुली छूट देते हुए उनके समय सारिणी से न चलाने का आदेश दिया है। निर्धारित बस स्टॉपेज में भी उनके द्वारा स्टापेज नहीं किया जा रहा है। ऑपरेटर हर 100 मीटर की दूरी पर सिटी बस खड़ी कर सवारी को बैठा लेते हंै। संघ का आरोप है कि महिला कंडेक्टर को अपना माध्यम बनाकर जानबूझकर विवाद कराया जाता है। इससे ऑटो चालकों व सिटी बस के संचालकों के मध्य वाद विवाद और संघर्ष की स्थिति बनी रहती हैं। सिटी बसों का एक ही मार्ग तय होने के कारण सवारी का अभाव बना रहता है, जिससे ऑटो चालको का व्यवसाय पूरी तरह टूट गया है। इससे उन्हें आर्थिक क्षति हो रही। इसे लेकर ऑटो संघ ने इस मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Spread the word