October 6, 2024

विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा संभागीय सह प्रभारी अनुराग सिंह देव ने ली बैठक

कोरबा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भाजपा जुट गई है। इस कड़ी में बिलासपुर संभाग के सह प्रभारी अनुराग सिंह देव नव दायित्व प्राप्ति के पश्चात अपने प्रथम प्रवास पर कोरबा पहुंचे। ट्रांसपोर्ट नगर कोरबा स्थित दीनदयाल कुंज में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

देव ने जिले के 19 मंडलों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंडलों की समीक्षा के पश्चात कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि कोरबा जिला को न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में ऊर्जाधानी के रूप में जाना जाता है और प्रदेश नेतृत्व कोरबा जिले से बड़ी अपेक्षा रखता है। इस हेतु कोरबा जिले के कार्यकर्ताओं का भी दायित्व बनता है कि अपनी पूरी ऊर्जा एवं सामर्थ्य के साथ प्रदेश की ओर से प्रदान किए जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। इससे पूर्व भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि सिंह देव के आगमन से निश्चित रूप से कार्यकर्ताओं में एक नए उत्साह का संचार होगा। भाजपा जिला कोरबा बूथ सशक्तिकरण सहित अन्य सभी कार्यक्रमों में आज प्रदेश के शीर्ष जिलों में स्थान प्राप्त कर रहा है। कार्यकर्ताओं के उत्साह एवं जोश को देखकर यह निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा जिले के चारों विधानसभा सीटों में जीत दर्ज करेगी। बैठक को जिला के प्रभारी एवं मनेंद्रगढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, सह प्रभारी गोपाल साहू एवं छत्तीसगढ़ राज्य के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने भी संबोधित किया। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लखन लाल देवांगन, जिला संगठन सह प्रभारी गोपाल साहू, कोरबा विधानसभा के प्रभारी वी रामाराव, कटघोरा विधानसभा के प्रभारी दिनेश सिंह, पाली तानाखार विधानसभा के प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, पवन गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।

Spread the word