March 17, 2026

राजस्व मंत्री जयसिंह ने किया एसईसीएल कालोनियों का दौरा, कहा गिर रहा छज्जा तो कहीं बिखरा मिला कचरा, विद्युत उपकेन्द्र खुद बीमार

कोरबा। सोमवार को प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने एसईसीएल कोरबा एरिया के अस्पताल व कालोनियों के साथ गली कूचों का भी दौरा किया, यहां मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एसईसीएल के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री के दौरे के दौरान ही कालोनियों में अव्यवस्था की बातें सामने आई। लोगों ने शिकायत कर कहा कि कालोनियां समस्याओं से जूझ रही है। शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाई, आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो आगे ठोस कार्यवाही करेंगे। एसईसीएल कॉलोनी में दौरे के दौरान मंत्री के साथ महापौर राजकिशोर प्रसाद, इंटक के अध्यक्ष विकास सिंह सहित कांग्रेसी पदाधिकारी और अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
सोमवार को मंत्री ने मुड़ापर के विभागीय अस्पताल का जायजा लिया। यहाँ मरीजों को होने वाली परेशानी देखने को मिली। यहां पहुंचने वाले लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ता है। मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। बिल्डिंग के मरम्मत कराने की बात कही। इसके बाद एसईसीएल की कालोनी में पहुंचे। जहां गली मोहल्ले में घूमकर उन लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। लोगों ने मोहल्लों में बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई तक ठीक तरह से नहीं होने की बात कहीं। जिसके कारण समस्याओं से जूझना पड़ता है।

विद्युत उपकेन्द्र खुद बीमार
जब राजस्व मंत्री श्री अग्रवाल एसईसीएल के विद्युत उपकेन्द्र का निरीक्षण किया तो देखा कि किस तरह उपकेन्द्र की बिल्डिंग जर्जर अवस्था में है और कभी भी धसक सकती है। यहॉ उपस्थित दो अधिकारियों ने बताया कि यहॉ ट्रांसफार्मर खराब होने पर सुधारने में ही दो दिन लग जाते हैं और स्टॉक में एक भी ट्रांसफार्मर एवं अन्य पार्ट्स नही होते हैं। यह जानकारी सुनकर श्री अग्रवाल दंग रह गये कि किस तरह एसईसीएल अपने कर्मचारियों को ही प्रताड़ित कर रहा है। यहॉ अधिकारियों ने बताया कि मानिकपुर बाजार कॉलोनी क्षेत्र में सीएसईबी के द्वारा 02 ट्रांसफार्मर लगाया गया है किंतु अभी तक चार्ज नहीं किया गया है।

एसबीएस कालोनी में शिक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं
जब श्री अग्रवाल एसबीएस कालोनी पहुंचे तो वहॉ प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय भवन की खस्ता हाल देखकर एसईसीएल एवं निगम अधिकारियों को फटकार लगाई। यहॉ के रहवासियों ने बताया कि यहॉ पर हायर सेकेण्डरी कक्षा की कोई व्यवस्था नही है और बच्चे पढ़ने एनसीडीसी स्कूल जाते हैं।

एसएलआरएम सेंटर में मिला ताला
सुभाष ब्लॉक कालोनी के पीछे एसईसीएल का एसएलआरएम सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे राजस्व मंत्री को वहॉ दोपहर 12ः00 बजे गेट में ताला लटकता मिला। वहॉ कोई प्रभारी कर्मचारी या अधिकारी भी नहीं मिले। उन्होने जीएम सिविल को वस्तुस्थिति दिखाते हुए अधिकारियों की सक्रियता और कर्तव्य निष्ठा पर सवाल उठाया। कचरे का ढेर लगा था लेकिन कोई कर्मचारी नहीं थे।

0 पत्राचार करेंगे, जरूरत पड़ी तो आगे ठोस कार्रवाई :
राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बताया कि एसईसीएल के सुभाष ब्लॉक और ऑफिसर कॉलोनी का दौरा किया गया। इनकी स्थिति बेहद खराब है। कहीं मकानों के छज्जे टूट कर गिर रहे हैं। जिससे लोग खतरों के बीच जीवन यापन कर रहे हैं। तो कहीं कचरो का ढेर लगा हुआ है, लाखों रुपए की लागत से बनाया गया वाटर एटीएम आज तक शुरू नहीं हो सका है। जिसे 4 साल पहले स्थापित किया गया था। सफाई कार्य के लिए स्थापित एसएलआरएम सेंटर में भी ताला लगा हुआ मिला। ना तो यहां सफाई हो रही है, ना ही बिजली की व्यवस्था ठीक-ठाक है। और ना ही पेयजल लोगों को मिल पा रहा है। व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। यह दुर्भाग्य का विषय है कि कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी एसईसीएल कोरबा से अरबो रूपये का राजस्व वर्जित करती है। बड़े-बड़े कीर्तिमान स्थापित किए हैं। लेकिन इनकी विभागीय कालोनी में लोगों को मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। इसके लिए हम पत्र लिखेंगे और जरूरत पड़ी तो आगे चलकर और भी ठोस करवाई करेंगे।

ranjan photo
Admin

Spread the word