मार्ग पर किया मिट्टी डंप, पैदल चलना भी मुश्किल

कोरबा। ठेकेदार की लापरवाही का खमियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जिस स्थान पर आम जनता के आवागमन के लिए सुगम मार्ग की सुविधा दी जानी थी, उस मार्ग पर ठेकेदार ने मिट्टी डालकर उसे असुविधाजनक बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। मिट्टी पाटने से कीचड़ भरे इस मार्ग पर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
निगम के वार्ड क्रमांक 30 मानिकपुर से तिवारी फार्म हाउस तक जाने वाली गली में दायीं तरफ 20 से भी अधिक परिवार निवासरत हैं। यहां सड़क निर्माण प्रस्तावित है। इस मार्ग पर लाल मिट्टी डंप कर दिया गया है, जो बरसात के कारण मिट्टी कीचड़ में परिवर्तित हो गई है। अब इस मार्ग पर लोगों का आवागमन दुश्वार हो गया है। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वार्ड के जन प्रतिनिधियों को भी इस बात की जानकारी है। इसके बावजूद मिट्टी हटाकर रास्ता साफ करने की पहल नहीं की जा रही। ठेकेदार की मनमानी और नगर निगम के अधिकारियों की उदासीनता की मार वार्डवासी झेल रहे हैं। कीचड़ से भरे मार्ग को देखकर लोग चाह कर भी अपने घर से निकल नहीं पा रहे हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word