October 5, 2024

बेवा की मकान पर कब्जा, तहसीलदार के निर्देश के बाद भी नहीं कर रहे खाली

0 पीड़िता ने जन चौपाल में कलेक्टर से लगाई गुहार
कोरबा।
अपने ही घर पर कब्जा कर लिए जाने से व्यथित एक बेवा महिला ने कलेक्टर से मदद की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि वैध निवासी होने के बाद भी उसका अपना घर किसी और के कब्जे में है। जबरन कब्जा कर लिए जाने की शिकायत उसने एसडीएम कार्यालय से की और उसके बाद न्यायलय तहसीलदार के दरवाजे पर भी दस्तक दी। तहसीलदार ने आदेश देकर 5 दिन के भीतर उसे उसके मकान का कब्जा वापस दिलाने के आदेश दिए, पर आज 18 दिन गुजर जाने के बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। एक बेसहारा बेवा महिला होने से इस बारिश के मौसम में उसका घर ही एक मात्र सहारा है और अपना ही हक पाने दफ्तरों के चक्कर लगाने विवश है। उसने कलेक्टर से मामले में त्वरित कदम उठाते हुए समस्या का हल करने की गुजारिश की है।
मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंची चैती बाई देशमुख पति स्व. सुशील देशमुख ने कलेक्टर जन चौपाल के माध्यम से अपनी यह शिकायत प्रस्तुत करते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उसने बताया कि वह मकान क्रमांक- 18411 वार्ड नंबर 45 रामनगर स्याहीमुड़ी तहसील दर्री जिला कोरबा की वैध निवासी है। उसका कहना है कि उसके घर पर जबरन राज कुमारी देशमुख पति राजेश देशमुख ने कब्जा कर लिया था, जिसकी शिकायत न्यायालय तहसील दर्री में भी की गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए तहसीलदार दर्री ने 30 जून 2023 को आदेश जारी कर प्रार्थी को कब्जा दिलाने निर्देशित किया था। कब्जा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए तहसील न्यायालय के समक्ष 5 जुलाई 2023 तक पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए थे। इस संबंध में जारी आदेश राजस्व निरीक्षक व हल्का पटवारी को दिया गया था। इसके बाद 7 जुलाई को कब्जा दिलाने हेतु हल्का पटवारी व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया। कार्रवाई होता देख राजकुमारी देशमुख सामान निकालकर मकान खाली करने दो दिन का समय मांगा था, लेकिन आज तक घर खाली नहीं किया गया है। प्रार्थी चैतीबाई देशमुख ने मामले की शिकायत जनदर्शन में प्रस्तुत करते हुए अपने मकान पर से राजकुमारी देशमुख पति राजेश देशमुख पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसने उसके घर पर कब्जा दिलाने की गुजारिश कलेक्टर से की है।

Spread the word