March 17, 2026

दादरखुर्द में छत पर खेल रही बालिका करंट की चपेट में आकर झुलसी

0 घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश
कोरबा।
मानिकपुर चैकी अंतर्गत ग्राम दादरखुर्द स्थित परशुराम भवन के पास जबरदस्त हादसा हुआ। अपने घर के छत पर खेल रही एक मासूम बच्ची 33 केवी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गई। हादसा होने के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। आनन-फानन में मासूम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। इस घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है और लोग इस हादसे के लिए वितरण कंपनी को दोषी मान रहे हैं।
दुर्घटना के बाद वहां मौजूद लोग काफी डरे हुए मिले। दुर्घटनास्थल का जायजा लेने पर पाया गया कि करंट प्रवाहित तार की ऊंचाई काफी कम थी। यही वजह है कि यह हादसा हुआ। लोगों ने बताया कि तार को उंचा करने कई वितरण कंपनी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हो गया। करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलसी मासूम बच्ची का नाम सृष्टि पटेल है और उसकी उम्र महज 12 वर्ष है। करीब 60 फीसदी झुलसी बच्ची का उपचार अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

ranjan photo
Admin

Spread the word