March 17, 2026

नाव पर सवार होकर मत्स्याखेट करना पड़ा महंगा, डूबने से महिला की मौत

कोरबा। प्रशासन ने वर्षा ऋतु के दौरान मत्स्याखेट पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन प्रतिबंध का असर नजर नहीं आ रहा है। बांगो बांध के डुबान क्षेत्र में नाव पर सवार होकर मत्स्याखेट करना एक परिवार के लिए महंगा साबित हुआ। अचानक तेज हवा के साथ हुई बारिश के चलते नाव पलट गई, जिससे नाव में सवार महिला गहरे पानी में डूब गई। घटना के कुछ घंटे बाद महिला की लाश पानी में मिली। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत जांच शुरू कर दी है।
घटना लेमरू थाना क्षेत्र के कांटाद्वारी की है। गांव में श्याम सिंह (50) का परिवार निवास करता है। श्याम सिंह अपनी पत्नी फूलबाई कंवर (45) के साथ बांगो बांध के डुबान क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रहते हैं। वे डुबान क्षेत्र में मत्स्याखेट कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। रविवार की दोपहर भी पति पत्नी अलग-अलग नाव में सवार होकर मत्स्याखेट के लिए निकले हुए थे। दोनों हसदेव नदी के तिमंगला क्षेत्र तक साथ ही चल रहे थे, इसके बाद एक दूसरे से काफी दूर निकल गए। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी। बारिश होते देख श्याम सिंह झोपड़ी की ओर लौट आया, जबकि महिला नहीं लौटी। बारिश थमने के बाद पड़ोस में ही झोपड़ी बनाकर रहने वाला एक ग्रामीण भी तिमंगला क्षेत्र की ओर गया हुआ था। उसकी नजर पानी में साड़ी पर पड़ी। इसकी जानकारी ग्रामीण ने श्याम सिंह को दी। वे डुबान क्षेत्र में पहुंचे तो फूलबाई की नाव पलटी हुई थी। उसकी साड़ी नाव में फंसा हुआ था। वहीं फूलबाई की पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना थाना पहुंचकर दी गई। सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी कृष्णा साहू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की देखरेख में शव को डुबान क्षेत्र से बाहर निकाला गया। पुलिस ने रविवार को वैधानिक कार्रवाई उपरांत मृतका का पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ranjan photo
Admin

Spread the word