October 4, 2024

भागवत श्रवण से हर प्रकार के कष्ट होते हैं दूर : पंडित भूषण कृष्ण शास्त्री

0 भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत गंगा प्रवाह कथा का हुआ शुभारम्भ
0 मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल एवं मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संयुक्त तत्वाधान में परशुराम भवन दुरपा रोड में आयोजन

कोरबा।
मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल एवं मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में परशुराम भवन दुरपा रोड कोरबा में 23 जुलाई 2023 रविवार को श्रीमद् भागवत गंगा प्रवाह कथा भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ। व्यासपीठ से पंडित भूषण कृष्ण शास्त्री अपनी संगीतमयी सुमधुर वाणी से श्रोताओं को कथा का रसपान करा कर जीवन में श्रीमद् भागवत गंगा प्रवाह कथा के माध्यम से आनंद एवं परमानंद की प्राप्ति का उपाय बता रहे हैं।

कथा के प्रथम दिवस श्रीमद् भागवत की महिमा का वर्णन करते हुए व्यासपीठ से पंडित शास्त्री ने कहा कि भागवत कथा करने अथवा सुनने से न केवल मनुष्य को औलोकिक सुखों की प्राप्ति होती है, बल्कि हर प्रकार के कष्ट दूर हो जाते हैं। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के कार्यकारिणी सदस्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने श्रीमद् भागवत गंगा प्रवाह कथा के विषय में बताते हुए कहा कि यह श्रीमद् भागवत गंगा प्रवाह कथा 23 जुलाई 2023 रविवार से परशुराम भवन दुरपा रोड में प्रतिदिन मध्यान्ह 3 बजे से हरी इच्छा तक चलेगी। 29 जुलाई 2023 शनिवार को तुलसी वर्षा, सहस्रधारा, हवन, पूर्णाहुति एवं महाप्रसाद के साथ विश्राम दिया जाएगा। उन्होंने मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल एवं मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति की ओर से अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीमद् भागवत गंगा प्रवाह कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल एवं मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के पदाधिकारी तथा सदस्यों के अलावा ज्योतिर्यज्ञाचार्य पंडित सत्यम भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित होकर अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं।

Spread the word