October 6, 2024

कोरबा व कटघोरा में ईडी की दबिश, मचा हड़कंप

0 खंगाले गए दस्तावेज
कोरबा।
औद्योगिक नगरी में एक बार फिर ईडी की छापामार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इस बार निशाने पर थे शहर के तीन व्यापारी रहे, जिनके ठिकानों पर दबिश देते हुए दस्तावेज खंगालने की बात सामने आई है। वहीं कटघोरा के उप पंजीयक कार्यालय में भी ईडी ने दबिश दी।
ईडी की टीम सुबह से दस्तावेजों की जांच करती रही। कोरबा में स्टेशन रोड निवासी पूर्व पार्षद और व्यवसायी शिव अग्रवाल के यहां सुबह 5 बजे से ईडी की टीम ने दस्तक दी। घर के लोग कुछ समझ पाते तब तक टीम ने घर के सभी लोगों को एक कमरे में रखकर कर जांच करना शुरू किया। बताया जा रहा है कि करीब 5 घंटे तक जांच के बाद ईडी की टीम खाली हाथ वापस लौट गई। सीतामढ़ी में टाइल्स और जमीन कारोबारी के ठिकानों पर भी दस्तावेजों की जांच की। कोरबा में ही व्यवसायी रूढ़मल अग्रवाल के घर और दुकान में भी छापा मारा गया। अधिकारियों के साथ सुरक्षाबल के जवान घर के बाहर निगरानी करते देखे गए। रूढ़मल अग्रवाल के घर कार्रवाई के दौरान अब तक क्या मिला है इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। उधर कटघोरा के उप पंजीयक कार्यालय में भी ईडी की टीम पहुंची और दस्तावेजों की जांच में जुट गई। उप पंजीयक कार्यालय में किन कारणों से छापा पड़ा है इस बात की स्पष्ट जानकारी तो सामने नहीं आई है, लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि एनएच निर्माण में प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा राशि के वितरण में गड़बड़ी की जांच की जा रही है। ईडी के अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों से पूछताछ कर रहे हैं। कार्यालय में ईडी के छापे के बाद हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। इससे पहले ईडी की टीम ने नगर निगम आयुक्त के बंगले में दबिश दी थी।

Spread the word