मड़ई तालाब में मिली होटल कर्मी की लाश

कोरबा। बांगो क्षेत्र के ग्राम मड़ई स्थित यादव भोजनालय में कार्य करने वाले युवक की मड़ई तालाब में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कार्रवाई व पंचनामा की प्रक्रिया पूर्ण कर उसे पीएम के लिए चीरघर भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले के ग्राम दरौली थाना जमनिया निवासी युवक सौरभ कुमार यादव उम्र (20) पिता नरेंद्र कुमार यादव 10 माह पूर्व अपने दादा गुलाब यादव (68) निवासी ग्राम जलालपुर थाना सकलडिहा जिला चंदौली हाल पता मड़ई यादव भोजनालय के संचालक के पास आया था। यहां रहते हुए वह अपने दादा के होटल में अन्य सहकर्मियों के साथ हाथ बंटाता था। यहां रहते हुए मृदुभाषी व व्यवहार कुशल होने के कारण आने-जाने वाले लोगों के साथ पड़ोस के अन्य व्यवसायियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। बीते 15 अगस्त को अपने दादा गुलाब यादव से तथा अन्य सहकर्मियों से यह कहकर निकला कि स्वतंत्रता दिवस है वह घूमने मड़ई बाजार की ओर जा रहा है। बताया जाता है कि उस दिन देर रात तक नहीं लौटा तो अगले दिन 16 अगस्त को उसके दादा ने बांगो थाना पहुंचकर गुम इंसान दर्ज करा दिया। पुलिस एवं युवक के परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसके संबंध में कोई जानकारी किसी को हासिल नहीं हो पाई। इसी बीच मड़ई सड़क किनारे स्थित तालाब में उसकी लाश कुछ बच्चों को दिखी। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के दादा व भोजनालय के अन्य कर्मी वहां पहुंचे, जिन्होंने उसकी शिनाख्त सौरभ यादव के रूप में की। देर शाम होने के कारण शव को निकलवाकर पोड़ी-उपरोड़ा सीएचसी के चीरघर के मर्चुरी में भिजवा दिया गया। बांगो थाने में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शव को मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

ranjan photo
Admin

Spread the word