April 11, 2026

प्रधान पाठक को अन्यत्र स्थानांतरित करने व दूसरे शिक्षक की पदस्थापना को लेकर किया गया प्रदर्शन

0 सरपंच, पंच एवं आम नागरिक हुए धरने में शामिल
0 बीईओ पाली का किया गया घेराव

कोरबा (पाली)।
प्राथमिक शाला सोनसारी की प्रधान पाठक को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने मोर्चा खोल दिया है। सरपंच, पंच समेत नागरिकों ने बीईओ पाली कार्यालय का घेराव कर दिया। उचित न्याय की मांग करते हुए कार्यालय को बंद कर दिया। आंदोलन को गोंडवाना छात्र संघ सहित आम नागरिकों ने समर्थन दिया है।
मामला पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बतरा आश्रित ग्राम सोनसरी के प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक किरण मरकाम से जुड़ा है। प्राथमिक शाला सोनसारी में पदस्थ रहते हुए किरण मरकाम अन्य स्थान कन्या छात्रावास रजकम्मा में 14 वर्ष से ड्यूटी कर रही हैं। इस कारण स्कूल के बच्चों को नियमित शिक्षा नहीं मिल पा रही है। प्रधान पाठक हमेशा स्कूल से नदारत रहती हैं। इसके कारण शिक्षा का स्तर गिरता जा रहा है। इसे लेकर ग्राम बतरा की सरपंच रामायण देवी, एवं गोंडवाना छात्र संघ प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज कंवर, अभिषेक खुसरो ब्लॉक अध्यक्ष की अगुवाई में विकासखंड कार्यालय के सामने घेराबंदी कर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अमित कुमार, अभिषेक पोर्ते, अनिल कुमार, पंकज, प्रिया पोर्ते, ममता पोर्ते, मनीष कुमार, चंद्रशेखर सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। मौके पर पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि 15 वर्ष से लगातार सोनसारी के प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक किरण मरकाम को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए एवं विद्यालय में एक नए शिक्षक को पदस्थ किया जाए। उक्त मांग से ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से अनेक बार अवगत कराया है, किंतु इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। थक हारकर ग्रामीणों ने सोमवार को विकासखंड कार्यालय का घेराव करते हुए धरने पर बैठ गए। देखना होगा कि ग्रामीणों की मांग कब तक पूरा हो पाती है।

ranjan photo
Admin

Spread the word