September 20, 2024

भाजपा प्रत्याशी लखन के लिए उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम घंटाघर में लेंगे आमसभा

0 कोरबा जिले में भाजपा की परिवर्तन यात्रा 21 और 22 सितंबर को
कोरबा।
छत्तीसगढ़ राज्य में सत्ता परिवर्तन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रदेश भर में परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है। 12 सितंबर को दंतेवाड़ा से प्रारंभ हुई प्रथम परिवर्तन यात्रा 27 सितंबर को बिलासपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार दूसरी परिवर्तन यात्रा 16 सितंबर को जशपुर से प्रारंभ हुई और यह भी 27 सितंबर को बिलासपुर पहुंचेगी और वहां विशाल आमसभा में दोनों परिवर्तन यात्राओं का समागम होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रारंभ हुई दूसरी परिवर्तन यात्रा 21 सितंबर को मरवाही विधानसभा क्षेत्र से होते हुए कोरबा जिले में प्रवेश करेगी। सुबह लगभग 10 बजे पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के पसान में परिवर्तन यात्रा पहुंचेगी। इस यात्रा में एक रथ के अलावा 20 गाड़ियां और 120 की संख्या में लोग चल रहे हैं।
इस आशय की जानकारी देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रवार्ता आहुतकर बताया कि 21 सितंबर गुरुवार को पसान में सुबह करीब 10:30 बजे परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया जाएगा। ग्राम लैंगा रामपुर में सुबह 11 बजे आमसभा होगी। इस आमसभा को मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता होशियारपुर से सांसद एवं केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री सोम प्रकाश (रिटायर्ड आईएएस) संबोधित करेंगे। आमसभा के बाद यात्रा दोपहर करीब 1:15 बजे ग्राम बिंझरा पहुंचेगी जहां स्वागत होगा। दोपहर 1:30 बजे कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में यात्रा प्रवेश करेगी और 10 किलोमीटर पहले कसनिया में पार्टी के कार्यकर्ता बाइक रैली से स्वागत कर बाइक रैली के साथ परिवर्तन यात्रा को आमसभा स्थल मीना बाजार मैदान तक ले जाएंगे। यहां दोपहर 1:45 बजे आमसभा को केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश मुख्य वक्ता के तौर पर संबोधित करेंगे। इसके पश्चात यात्रा शाम 4:15 बजे छुरी पहुंचेगी जहां स्वागत उपरांत यात्रा कोरबा विधानसभा के लिए प्रस्थान करेगी। दर्री में जैलगांव चौक पर भव्य स्वागत किया जाएगा। अप्पू गार्डन तक परिवर्तन यात्रा पहुंचेगी और यहां से बाइक रैली के साथ घंटाघर ओपन थिएटर में पहुंचकर विशाल आमसभा में परिवर्तित होगी। कोरबा विधानसभा के घंटाघर मैदान में शाम करीब 5:30 बजे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक बतौर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता आमसभा को संबोधित करेंगे। आमसभा के पश्चात भोजन व रात्रि विश्राम कोरबा में होगा।
अगले दिन 22 सितंबर शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे विभिन्न समाज के प्रमुखों के साथ बैठक व जलपान का आयोजन रखा गया है। सुबह 9 बजे प्रेसवार्ता होगी। 9:45 बजे श्री राम जानकी मंदिर बुधवारी में दर्शन पूजन के पश्चात परिवर्तन यात्रा आगे बढ़ेगी। जिला अध्यक्ष ने बताया कि सुबह करीब 10:15 बजे यात्रा उरगा पहुंचेगी। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के उरगा में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात भैसमा एवं नोनबिर्रा में यात्रा का स्वागत होगा। सुबह 11:10 बजे रामपुर विधानसभा क्षेत्र के करतला स्थित हाई स्कूल मैदान में आमसभा होगी। आम सभा के पश्चात दोपहर 12:45 बजे ग्राम कुदमुरा में यात्रा का स्वागत किया जाएगा और इसके साथ ही कोरबा जिले से परिवर्तन यात्रा रायगढ़ जिले के लिए प्रस्थान करेगी। जिला अध्यक्ष ने भाजपा एवं समस्त सहयोगी संगठनों से अपील की है कि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति दर्ज कराएं। पत्रवार्ता के दौरान कोरबा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, भाजपा कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी एवं परिवर्तन यात्रा के प्रभारी हितानंद अग्रवाल सहित तुलसी ठाकुर व अन्य भी उपस्थित रहे।
0 प्रदेश में खुशहाली और विकास का कमल खिलाने यह परिवर्तन यात्रा
जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा प्रदेश में खुशहाली और विकास का कमल खिलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। किसानों को उनके उपज का एक-एक दाना का कीमत मिले, प्रदेश में 16 लाख लोग प्रधानमंत्री आवास से वंचित हैं, उनको छत मिले, शराब बंदी हो, धर्म के नाम पर पूरे प्रदेश में कांग्रेस के संरक्षण में हो रहा धर्म परिवर्तन से मुक्ति दिलाने के लिए यह परिवर्तन यात्रा है। भाजपाईयों को टारगेट किलिंग किया जा रहा है, जिससे मुक्ति दिलाने के लिए यह यात्रा है। युवाओं का भविष्य बनाने के लिए यह परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही है।
0 15 साल में कोरबा का नहीं हुआ विकास : लखन
कोरबा प्रत्याशी लखनलाल ने कहा कि 15 साल से जयसिंह अग्रवाल कोरबा क्षेत्र के विधायक हैं और 5 साल से प्रदेश में राजस्व मंत्री हैं। शहर, विधानसभा और जिले के विकास को लेकर उनसे बहुत अपेक्षाएं लोगों को थी किंतु कहीं भी विकास नहीं हुआ है। सड़क, नाली के काम नहीं हुए, जमीन की बंदरबांट हो रही है। राजस्व व्यवस्था चरमराई हुई है। कोरबा में रेत माफिया, कोल माफिया, भू-माफियाओं का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार जन बल और धन बल की लड़ाई है। जनता धन समेटकर जन बल को महत्व देगी और मैं कोरबा की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। देवांगन में सवाल किया कि आखिर इन वर्षों में राजस्व मंत्री ने इतनी संपत्ति कैसे बना ली? राजस्व मंत्री ने कोरबा का नहीं बल्कि अपना विकास किया है। जनता यदि मुझ पर भरोसा जताती है तो विधानसभा में समुचित विकास होगा, राखड़ की समस्या से मुक्ति दिलाने का प्रयास होगा। देवांगन ने कहा कि जयसिंह अग्रवाल चलती बेला में घोषणा कर रहे हैं तो क्या वह 15 दिन में इसे पूरा कर लेंगे? जयसिंह अग्रवाल के द्वारा की जा रही घोषणाओं को मैं अपने विधायक कार्यकाल में पूरा करूंगा, कोरबा को सजाने, संवारने और समुचित विकास का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि महापौर व कटघोरा विधायक रहते हुए जिस तरह से मैनें काम किया है, उसी तरह से कोरबा विधानसभा में भी मेरे द्वारा काम किया जाएगा।

Spread the word