February 25, 2026

सड़कें खराब, जाम से लोगों में आक्रोश, पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं लोग

0 जनसंपर्क में भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा- जय सिंह अग्रवाल 15 साल से विधायक रहकर लोगों को नहीं दिला पाए जन सुविधा
कोरबा।
केंद्र की मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में लगभग 33 सौ करोड़ रुपये की योजना से हर घर में नल जल की सुविधा उपलब्ध कराने योजनाएं लागू की गई है। कोरबा में इसका लाभ नहीं मिल रहा है। भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन को आज उनके बांकीमोंगरा क्षेत्र के सुराकछार, पंखादफाई, भैरोताल में जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र के लोगों ने अवगत कराया।

लखनलाल देवांगन ने कहा कि कोरबा में कांग्रेस के जयसिंह अग्रवाल 15 साल से विधायक होने के बावजूद अच्छी सेवा नहीं दे पाए। कोरबा के अधिकांश ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में न सड़क है न पेयजल की समुचित व्यवस्था। सड़कों की हालत बेहद ही खराब है, कांग्रेस कहती कुछ है और करती कुछ। जनता को विकास की व अन्य झूठे दावे करके गुमराह करती है, जबकि वास्तविक स्थिति कुछ और है। कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में लगने वाले जाम से बेहद परेशानी होती है। इसको लेकर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने कार्यकाल में कभी गंभीरता नहीं दिखाई और न ही जनता की पीड़ा उन्हें महसूस हुई। लोगों में आक्रोश है। क्षेत्र के लोग बदलाव चाहते हैं जिससे शीघ्र ही लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सके और अच्छी सड़क से यातायात में सुविधा मिले। पूर्व में मेरे महापौर के कार्यकाल में जो भवन बने उसका भी मरम्मत एवं जीर्णोद्धार नहीं करा पाए। केवल और केवल भ्रष्टाचार कर जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया। जनसंपर्क में उनके साथ अनेक लोग उपस्थित थे।

ranjan photo
Admin

Spread the word