February 26, 2026

खुद के रायफल से गोली मारकर आरक्षक ने की आत्महत्या

0 पिता ने लगाया आरोप, कहा- प्रताड़ना से परेशान था
कोरबा।
पुलिस के एक जवान ने खुद को इंसास रायफल से गोली मार ली। उसकी रक्त रंजित लाश कलेक्टोरेटट के निर्वाचन शाखा स्थित ईवीएम वेयरहाउस में मिली। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस के अलावा डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिजन कोरबा पहुंचे। पिता ने पत्नी प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि जांजगीर-चांपा जिले के महोदा निवासी मृतक ललित सोनवानी जिला पुलिस बल में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। उसकी हाल ही में पाली थाना से रक्षित निरीक्षण केंद्र तैनाती हुई थी। उसे सुरक्षा के लिए कलेक्टर कार्यालय के निर्वाचन शाखा स्थित ईवीएम वेयरहाउस में तैनात किया गया था। प्रतिदिन की तरह रात करीब 8 बजे सशस्त्र बल का जवान ड्यूटी पर पहुंचा। उसने जैसे ही वेयरहाउस का दरवाजा खोलकर कमरे में प्रवेश किया, उसके होश उड़ गए। दरअसल कमरे के भीतर बेड में आरक्षक की रक्त रंजित लाश पड़ी हुई थी। उसके पास ही इंसास रायफल भी रखा था। मृतक के दोनों कान में हेडफोन लगे हुए थे, जिसकी सूचना सशस्त्र बल के जवान ने तत्काल सिविल लाइन थाना के अलावा आला अफसर को दी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस के अलावा डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की संयुक्त टीम जांच पड़ताल में जुट गई। कोरबा पहुंचे मृतक के पिता महोदा निवासी समेलाल सोनवानी ने बताया कि कल शाम ही ललीत से मोबाइल पर उसकी बात हुई थी। समेलाल मंगलवार को कोरबा भी उसके पास आने वाला था। ललीत ने पिता से मछली भी मंगवाया था। पिता ने बताया कि उसकी पत्नी से वह परेशान था। पांच साल से केस चल रहा है। पत्नी उसे धमकाती थी कि उसे जीने खाने नहीं देगी। बहरहाल मामले में पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।

ranjan photo
Admin

Spread the word