August 20, 2024

केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बस स्टैंड में बना दुर्गा पंडाल आकर्षण का केंद्र

-विनोद उपाध्याय
कोरबा (हरदीबाजार)।
क्वांर नवरात्र रविवार से आरंभ हो रहा है। इसके लिए जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना कर समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल बनाए जा रहे हैं। वहीं कुछ समितियों ने भगवान शिवजी के मंदिर की तर्ज पर तो कहीं मां शक्ति का दरबार का रूप दे रहे हैं। इसी कड़ी में ग्रामीण क्षेत्र हरदीबाजार बस स्टैंड में मां दुर्गा उत्सव समिति पिछले पंद्रह वर्ष से अलग-अलग थीम में दुर्गा पंडाल बनाते आ रही है। इस क्वांर नवरात्र में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के लिए श्री केदारनाथ मंदिर की थीम पर पंडाल का निर्माण किया गया है, जो निश्चित ही आकर्षक का केंद्र है।
समिति के अध्यक्ष निलेंद्र राठौर ने बताया कि पूरे नौ दिन तक समिति की ओर से विविध कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाता है। इनमें रंगोली, डांडिया, रामायण गायन, जसगीत प्रतियोगिता, साथ ही सप्तमी को जागरण का आयोजन शामिल है, जो अपने आप में अलग है। प्रत्येक दिन सुबह-शाम पंडाल में महाआरती और शाम को भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसका आनंद क्षेत्र के श्रद्धालु बढ़चढ़कर उठाते हैं। पूरे नौ दिन मां की भक्ति सेवा में समर्पित रहने वाली मां दुर्गा उत्सव समिति कोरोना काल में भी और वर्तमान में आदर्श आचार संहिता लगने पर भी शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए क्षेत्र के लोगों से महाआरती, अन्य आयोजनों, प्रसाद भंडारे में शामिल होने और अपने जीवन को पुण्य का भागी बनाने का आग्रह किया है।

Spread the word