April 11, 2026

कांग्रेस का कटघोरा सीट पर रहा है वर्चस्व

0 11 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मारी है बाजी
कोरबा।
जिले की कटघोरा विधानसभा सीट में पहली बार विधानसभा चुनाव वर्ष 1951 में हुआ। तब कटघोरा से दो विधायक चुने जाते थे। शुरुआती दौर से ही यहां कांग्रेस का जो वर्चस्व बना, वो आज भी कायम है। ऐसा हम नहीं, कटघोरा विधानसभा के आंकड़े कह रहे हैं। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में साल 1951 में हुए पहले चुनाव लेकर साल 2018 के विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर गौर करें तो यहां सर्वाधिक बार कांग्रेस को जीत मिली है। यहां से 11 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी है, जबकि 3 चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है। एक बार यहां से निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव जीता।
कटघोरा विधानसभा से सर्वाधिक बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बोधराम कंवर के नाम है। बोधराम ने यहां से कुल 6 चुनाव जीतकर विधायक बने। उन्होंने अपना पहला चुनाव वर्ष 1972 में लड़ा था। तब वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में थे। उनके सामने कांग्रेस ने ज्योतिभूषण प्रताप सिंह को बतौर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा था। इस चुनाव में बोधराम को कुल 15794 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के ज्योतिभूषण ने 14715 वोट हासिल किया। इस तरह बोधराम ने अपना पहला चुनाव 1079 वोट की मार्जिन से जीता था। पांच साल बाद 1977 में हुए चुनाव में बोधराम कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े और जीते। इसके बाद वे 1980 और 1985 में भी विधायक रहे। छत्तीसगढ़ बनने के बाद 2003 में जब पहला चुनाव हुआ तो कांग्रेस ने एक बार फिर से उन पर भरोसा जताया और उन्होंने भाजपा के बनवारी लाल को हराया। इसी तरह 2008 के चुनाव में बोधराम ने भाजपा के ज्योतिनंद दुबे को हराया था। इस तरह बोधराम कंवर इस क्षेत्र से कुल 6 बार विधायक रह चुके हैं।
0 भाजपा ने 1993 में पहली बार चखा जीत का स्वाद
भारतीय जनता पार्टी को इस सीट से पहली जीत 1993 में मिली। तब भाजपा प्रत्याशी बनवारी लाल ने कांग्रेस के पूर्व विधायक कृष्णा लाल जायसवाल को 7414 वोट से हराकर बीजेपी के सिर पर जीत का सेहरा बांधा था। इसके बाद 1998 में हुए चुनाव में एक बार फिर से उन्होंने जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के जयसिंह को 14095 वोट से शिकस्त दी। हालांकि वे 2003 का चुनाव कांग्रेस के बोधराम कंवर से हार गए।
0 कटघोरा विधानसभा सीट के चुनावी आंकड़े
वर्ष – विधायक – पार्टी

1962 – रूद्रशरण प्रताप सिंह – कांग्रेस
1967 – नौबत राम – कांग्रेस
1972 – बोधराम कंवर – निर्दलीय
1977 – बोधराम कंवर – कांग्रेस
1980 – बोधराम कंवर – कांग्रेस
1985 – बोधराम कंवर – कांग्रेस
1990 – कृष्णा लाल जायसवाल – कांग्रेस
1993 – बनवारी लाल – बीजेपी
1998 – बनवारी लाल – बीजेपी
2003 – बोधराम कंवर – कांग्रेस
2008 – बोधराम कंवर – कांग्रेस
2013 – लखन देवांगन – बीजेपी
2018 – पुरुषोत्तम कंवर – कांग्रेस

ranjan photo
Admin

Spread the word