March 17, 2026

केंद्र की योजनाओं पर कांग्रेस सरकार ने मारी कुंडली : उरांव

0 भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव की पत्रकार वार्ता
कोरबा।
पार्टी आलाकमान ने कोरबा जिला की चारों सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। चुनाव तक उनके साथ रहकर कोरबा की चारों सीट पर कमल खिलाने का काम किया जाएगा। केंद्र की योजनाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों और कांग्रेस की नाकामियों को जनता के बीच लेकर जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाई है, जिस पर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने कुंडली मारने का काम किया है। उक्त बातें टीपी नगर में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान झारखंड से राज्यसभा के सांसद व भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कही।
उरांव ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने पांच वर्ष में जनता को ठगने का ही काम किया है। इस बार सभी ने इसे बदलने का मन बना लिया है। कोरबा की चारों विधानसभा सीट में हमारी जीत होगी। निश्चित ही बदलाव होगा। जनता के विकास को फोकस कर चुनाव लड़ रहे हैं। यात्री टे्रनों के लगातार रद्द रहने को लेकर उन्होंने कहा कि रेल्वे इंफ्रास्ट्रक्चर का काम केंद्र की मोदी शासन में त्वरित हुआ है। इसके लिए छह हजार करोड़ का फंड दिया गया है। इससे पहले इतना फंड कभी नहीं दिया गया। आदिवासी मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी कमेटी जो सार्वजनिक निर्णय लेगी उसी आधार पर निर्णय लिया जाता है। केंद्र सरकार ने विकास कार्यों को गति दी है। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार बनाकर छत्तीसगढ़ के विकास को गति देनी होगी। चारों प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार के लिए मैं चुनाव तक कोरबा में ही रहूंगा। एकजुट होकर सभी कार्यकर्ता सक्रियता से काम कर रहे हैं। कटघोरा प्रत्याशी के खिलाफ गत दिनों लिए गए पत्रकार वार्ता के संबंध में पीसी में मौजूद कटघोरा प्रत्याशी प्रेमचंद पटेल ने कहा कि मेरी जानकारी में पत्रकारवार्ता लेने वाले भाजपा कार्यकर्ता नहीं हैं। अगर किसी को नाराजगी है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। कोरबा सीट पर जितने भी टिकट के दावेदार हैं सभी मेरे साथ पार्टी को विजय दिलाने एकजुट हैं। प्रेस वार्ता में चारों प्रत्याशी ननकीराम कंवर, रामदयाल उइके, लखनलाल देवांगन, प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, जोगेश लांबा, गोपाल मोदी, अशोक चावलानी सहित अन्य मौजूद थे।

ranjan photo
Admin

Spread the word